अमृतसर के घरिंडा क्षेत्र में अटारी वाघा पर कल रविवार शाम 8 बजे एक बड़ा सड़क हादसा हुआ। तेज रफ्तार कार ने ट्रैक्टर-ट्राली को टक्कर मार दी। हादसे में कार सवार तीन लोगों की मौके पर मौत हो गई। ट्रैक्टर पर सवार तीन लोग घायल हुए हैं। जो अभी भी गम्भीर हैं और उनका इलाज चल रहा है। जानकारी के अनुसार मृतकों में खासा पेट्रोल पंप के मालिक अवतार सिंह का पोता विक्रम सिंह (18), मनीष कुमार (35) और कमलप्रीत सिंह (25) शामिल हैं। विक्रम सिंह कार चला रहा था। कार की रफ्तार 170 किमी प्रति घंटा थी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और ट्राली के टायर तक अलग हो गए। इकलौता बेटा, पिता की हो चुकी मौत घटना में मृत विक्रम सिंह अपने पिता का इकलौता था। उसके पिता का पहले ही देहांत हो चुका है। वहीं कमलप्रीत सिंह भी अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। वह खासा इंडियन पेट्रोल पंप पर गैस भरने का काम करता था और अविवाहित था। पोस्टमार्टम हाउस के बाहर परिजनों ने दिया धरना घरिंडा पुलिस ने तीनों शवों को जीएनडीएच के पोस्टमार्टम हाउस भेजा। मृतकों के परिजनों ने पोस्टमार्टम हाउस के बाहर धरना दे दिया। उन्होंने किसी कानूनी कार्रवाई से इनकार करते हुए शवों को वापस करने की मांग की। कोई कार्रवाई नहीं चाहते परिवार घरिंडा एसएचओ अमोलकदीप सिंह के अनुसार, हादसे के समय तीनों युवक खासा पेट्रोल पंप से अटारी की ओर जा रहे थे। तीनों शवों का अभी भी पोस्टमार्टम नहीं हुआ है। अभी भी परिवार वाले कार्रवाई न करने पर अटके हुए हैं और शव मोर्चरी में पड़े हैं। फिलहाल पुलिस इस मामले में एडीएम से इजाजत के बाद ही फैसला लेगी। परिजनों की शव वापस करने की मांग वहीं मृतक मनीष कुमार के सांडू विजय कुमार ने बताया कि मनीष का एक बेटा और एक बेटी है। मनीष पेट्रोल पंप पर डीजल डालने का काम करते थे। उनकी मौत से परिवार में मातम का माहौल बना हुआ है। उन्हें मनीष का शव चाहिए, जो पुलिस वाले उन्हें नहीं दे रहे हैं। उनका कहना था कि जो होना था वो हो गया अब वह कोई कार्रवाई नहीं करवाना चाहते, शव उन्हें सौंप दिए जाएं।


