अमृतसर में कैबिनेट मंत्री हरभजन सिंह ईटीओ ने पुंछ में पाकिस्तानी सेना के हमले में घायल हुए गुरमीत सिंह और उनके बेटे राजवंश सिंह के लिए रक्तदान किया। दोनों घायल अमनदीप अस्पताल में भर्ती हैं।डॉक्टरों ने बताया कि राजवंश सिंह का कल ऑपरेशन होना है। इसके लिए रक्त की आवश्यकता थी। मंत्री ने तुरंत रक्तदान करने का निर्णय लिया। मंत्री ने परिवार को अपना निजी फोन नंबर देकर किसी भी समय मदद के लिए संपर्क करने को कहा। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने घोषणा की है कि भारत-पाकिस्तान युद्ध के माहौल में घायल हुए सभी नागरिकों का इलाज पंजाब सरकार मुफ्त कराएगी। मुख्यमंत्री ने सीमावर्ती जिलों में व्यवस्थाओं की निगरानी के लिए दो-दो कैबिनेट मंत्रियों की विशेष ड्यूटी लगाई है। इससे संकट के समय हर पंजाब वासी की मदद की जा सकेगी। मंत्री ने नागरिकों से सरकार और जिला प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की अपील की। कैबिनेट मंत्री हरभजन सिंह ईटीओ पुंछ दुर्घटना के घायलों के लिए अमनदीप अस्पताल में रक्तदान करते हुए।


