पंजाब सरकार के प्रदेशव्यापी नशा विरोधी अभियान युद्ध नशे के विरुद्ध को लेकर अमृतसर शहर में तेजी से गतिविधियां चल रही हैं। इसी क्रम में इम्प्रूवमेंट ट्रस्ट अमृतसर के चेयरमैन करमजीत सिंह रिंटू ने नार्थ हलके में नशा विरोधी जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया। कार्यक्रम की शुरुआत नशा विरोधी शपथ से हुई, जिसे चेयरमैन रिंटू ने खुद दिलवाया। इसके पश्चात स्थानीय लोगों, युवाओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं के साथ एक जागरूकता मार्च निकाला गया, जिसमें लोगों को नशे से दूर रहने और दूसरों को भी जागरूक करने का संदेश दिया गया। चेयरमैन रिंटू ने कहा कि यह अभियान सिर्फ एक सरकारी योजना नहीं, बल्कि पंजाब के भविष्य को बचाने की मुहिम है। उन्होंने बताया कि युद्ध नशे के विरुद्ध अभियान की योजना सरकार ने दो से ढाई साल में तैयार की है, जिसमें गांवों और शहरों के हर हिस्से तक जागरूकता और पुनर्वास से जुड़े उपाय शामिल हैं। उन्होंने कहा कि यह एक ऐसा अभियान है जिसमें नशे की गिरफ्त में आए युवाओं को न केवल छुड़वाया जाएगा, बल्कि उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए आवश्यक सहायता भी दी जाएगी। मदद के लिए सीएम हेल्पलाइन शुरू रिंटू ने यह भी जानकारी दी कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में सरकार ने “सीएम हेल्पलाइन” शुरू की है, जिस पर कोई भी व्यक्ति गुप्त रूप से नशा तस्करी या इससे जुड़ी किसी भी गतिविधि की जानकारी दे सकता है। उन्होंने आमजन से अपील की कि वे नशे के खिलाफ इस जंग में भागीदार बनें और सरकार का सहयोग करें। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यह अभियान पहले शुरू किया जाना था, लेकिन भारत-पाकिस्तान सीमा पर हालात को देखते हुए इसे कुछ समय के लिए स्थगित करना पड़ा। अब पुनः पूरे जोश से यह मिशन शुरू किया गया है।


