मानसून से पहले अमृतसर शहर की ट्रैफिक व्यवस्था और सड़क सुधार को लेकर प्रशासन ने कमर कस ली है। नगर निगम कमिश्नर गुलप्रीत सिंह औलख ने एक अहम बैठक कर ट्रैफिक पुलिस, पीडब्ल्यूडी, एलएंडटी और निगम अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। शहर में ट्रैफिक जाम की बढ़ती समस्या को देखते हुए मुख्य सड़कों से अवैध कब्जे हटाने और कट चुकी सड़कों की शीघ्र मरम्मत पर विशेष जोर दिया गया है। बैठक में निगम कमिश्नर ने एडीसीपी ट्रैफिक अमनदीप कौर को निर्देश दिए कि वह निगम अधिकारियों के साथ मिलकर मुख्य मार्गों पर हुए अवैध कब्जों को तत्काल हटवाएं, ताकि ट्रैफिक का प्रवाह सुचारू रूप से चल सके। कमिश्नर ने भरोसा दिलाया कि नगर निगम ट्रैफिक विभाग को हरसंभव सहयोग देगा। मानसून से पहले सड़कें दुरुस्त करने का आदेश एलएंडटी कंपनी के प्रोजेक्ट डायरेक्टर राहुल पटेल को साफ निर्देश दिए गए कि नहरी पानी योजना के तहत पाइपलाइन डालने के लिए जिन सड़कों को काटा गया है, उनकी मरम्मत बरसात शुरू होने से पहले पूरी कर ली जाए। इसके साथ-साथ निगम अधिकारियों द्वारा बताई गई अन्य सड़कों के भी विकास कार्यों की समीक्षा की गई। अन्य विभागों की जिम्मेदारी तय कमिश्नर औलख ने स्पष्ट किया कि नगर निगम की सीमा में आने वाली सड़कों की मरम्मत निगम द्वारा की जा रही है, लेकिन पीडब्ल्यूडी, मंडी बोर्ड और एनएचएआई के अंतर्गत आने वाली सड़कों की जिम्मेदारी संबंधित विभागों की ही होगी। इन विभागों को भी अपने-अपने क्षेत्रों में कार्य तेज़ करने के निर्देश दिए गए हैं। नोडल अधिकारियों की तैनाती से मिली सफलता कमिश्नर ने कहा कि सड़कों की देखरेख के लिए नोडल अधिकारियों की तैनाती के सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। अधिकारियों द्वारा फील्ड विज़िट कर समय पर रिपोर्ट देने से कार्यों में गति आई है। बैठक में एडिशनल कमिश्नर सुरिंदर सिंह, सुपरिंटेंडेंट इंजीनियर संदीप सिंह, एक्सियन भलिंदर सिंह, सुनील महाजन, स्वराजिंदरपाल सिंह, गुरजिंदर सिंह, मंजीत सिंह, स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. योगेश अरोड़ा, सुपरिटेंडेंट राजकुमार, ट्रैफिक पुलिस और पीडब्ल्यूडी के अधिकारी शामिल हुए।


