अमृतसर में पुल पर तेल से भरा टैंकर पलटा:200 से अधिक बाइकें फिसलीं, कई लोग घायल; देर से पुलिस पहुंचने पर भड़के लोग

अमृतसर के बस स्टैंड के पास हुसैनपुरा चौक स्थित पुल पर शनिवार दोपहर एक तेल टैंकर पलट गया। टैंकर से तेल सड़क पर फैल गया, जिससे पुल अत्यधिक फिसलन भरा हो गया। इस घटना के कारण करीब 200 से अधिक बाइक सवार फिसलकर गिर गए, जिनमें कई लोग घायल हो गए। स्थानीय लोगों के अनुसार, हादसे के बाद पुल पर अफरा-तफरी मच गई। शुरुआती घंटों में किसी प्रशासनिक अधिकारी के मौके पर न पहुंचने से लोगों में नाराजगी देखी गई। तेल फैलने के कारण यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ और पुल पर लंबा जाम लग गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने एहतियातन वाहनों की आवाजाही रोकने का प्रयास किया, लेकिन फिसलन के कारण स्थिति लगातार चुनौतीपूर्ण बनी रही। कई दोपहिया वाहन सवार गिरे इसी बीच, फायर ब्रिगेड की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची। फायर ब्रिगेड अधिकारी संदीप ने बताया कि उन्हें आग लगने की आशंका की सूचना मिली थी, जिसके चलते वे तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने स्थिति का जायजा लेने पर पाया कि कई दोपहिया वाहन लगातार फिसल रहे थे। अधिकारी संदीप ने बताया कि तेल पर पानी डालने से स्थिति और खराब हो सकती है, क्योंकि पानी फिसलन को बढ़ाता है और दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है। उन्होंने सुझाव दिया कि ऐसे हालात में तेल को मिट्टी या रेत से ढकना सबसे सुरक्षित तरीका है, जिससे फिसलन कम होगी और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सकेगी। समाज सेवक पवन जोशी और अजय पाल ने भी अधिकारियों के देर से पहुंचने पर चिंता व्यक्त की। लोगों ने प्रशासन से तुरंत इस मार्ग को कुछ समय के लिए बंद करने की मांग की, ताकि और बड़े हादसों को रोका जा सके और फिसलन हटाने का काम तेजी से किया जा सके। पुलिस और फायर ब्रिगेड टीम ने लोगों से अपील की है कि स्थिति सामान्य होने तक इस मार्ग का उपयोग न करें।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *