अमृतसर में बिगड़ती कानून व्यवस्था:जंडियाला गुरु में फिर फायरिंग, ब्यूटी पार्लर महिला घायल, बेखौफ बदमाशों से लोगों में दहशत

पंजाब सहित अमृतसर में कानून-व्यवस्था की स्थिति लगातार बिगड़ती नजर आ रही है। शहर और ग्रामीण इलाकों में आए दिन फायरिंग की घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे आम लोगों में डर का माहौल बनता जा रहा है। सबसे ज्यादा चिंता की बात यह है कि जंडियाला गुरु क्षेत्र में लगातार गोलीबारी की घटनाएं हो रही हैं। यह वही इलाका है, जहां कैबिनेट मंत्री हरभजन सिंह ई.टी.ओ. का निवास भी स्थित है। इसके बावजूद बेखौफ गैंगस्टर खुलेआम वारदातों को अंजाम दे रहे हैं, जिससे पुलिस प्रशासन पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। ताजा मामला जंडियाला गुरु के गौशाला रोड से सामने आया है, जहां अज्ञात युवकों ने एक ब्यूटी पार्लर को निशाना बनाते हुए अंधाधुंध फायरिंग कर दी। इस दौरान पार्लर में काम कर रही एक महिला के पैर में गोली लग गई। घायल महिला को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शी का बयान, चार-पांच राउंड फायर कर फरार हुए हमलावर घटना की प्रत्यक्षदर्शी अनु बाला ने बताया कि अचानक गोलियों की आवाज सुनाई दी। जब वह बाहर आई तो देखा कि एक महिला खून से लथपथ जमीन पर पड़ी थी। उनके अनुसार हमलावरों ने चार से पांच राउंड फायर किए और इसके बाद मौके से फरार हो गए। घायल महिला के पति ने बताया कि घटना के समय वे सैलून में ही मौजूद थे। उन्होंने बताया कि दो युवक मोटरसाइकिल पर आए थे और उनके चेहरे ढके हुए थे। हालांकि परिवार ने फिलहाल किसी तरह की धमकी या फिरौती की मांग को लेकर कुछ भी कहने से इनकार किया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई। मौके पर पहुंचे डीएसपी ने बताया कि जंडियाला गुरु में अब तक हुई सभी फायरिंग की घटनाओं को पुलिस ने ट्रेस किया है और इस मामले की भी गहराई से जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि शुरुआती जांच में मामला फिरौती से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। इस घटना में एक महिला गंभीर रूप से घायल हुई है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *