अमृतसर में मेयर की कुर्सी के लिए कांग्रेस के सीनियर लीडर्स ने आज बैठक की, जिसमें शामिल होने के लिए कांग्रेस के सीनियर नेता हरीश चौधरी, प्रताप बाजवा और प्रदेश प्रधान राजा वडिंग भी मौजूद रहे। पंजाब में मेयर की नोटिफिकेशन के बाद से ही अब पार्टियों में हलचल बढ़ गई है। कांग्रेस पार्टी ने अमृतसर में निगम चुनावों में 40 सीटें हासिल की थी और स्पष्ट बहुमत हासिल किया था। लेकिन अमृतसर की 85 निगम वार्डों में से मेयर के चुनाव के लिए 46 सीटें चाहिए। इस दौड़ में दूसरे नंबर पर आम आदमी पार्टी रही थी, जिन्हें 24 सीटें आई थीं। इसके बाद से ही पार्टियां जोड़ तोड़ में लगी हैं। आठ आजाद प्रत्याशियों को लुभाया जा रहा था। वहीं अकाली और बीजेपी के विजेता प्रत्याशियों को भी शामिल करने की कोशिश की जा रही है। आप ने जोड़े अब तक चार पार्षद
निगम चुनाव में आप के 24 पार्षदों ने 85 वार्डों में से जीत दर्ज की। शहर के 5 और देहात के 2 हलकों में आप के विधायक हैं, ऐसे में 7 विधायकों के समर्थन के साथ आप का आंकड़ा 31 तक पहुंच गया है। आप खुद ही इसमें एक विधायक को माइनस करके चल रही है। ऐसे में आप का आंकड़ा 30 का बन गया है। 4 आजाद पार्षदों के जॉइन करने और दो के जल्द जॉइन करने की संभावना के बीच यह आंकड़ा 36 पर पहुंच गया है। 2 आजाद अभी साइलेंट हैं और उनका झुकाव भी सत्ता पक्ष की तरफ ही है। दूसरी तरफ अमृतसर की मेयरशिप की रोटेशन जनरल ओपन रहेगी, इसका भी नोटिफिकेशन जारी हो गया है। मेयरशिप को लेकर जोड़-तोड़ के चल रही राजनीति अब भारतीय जनता पार्टी के नौ और शिअद के चार पार्षदों पर आकर टिक गई है। 13 पार्षदों का यह आंकड़ा जिसका समर्थन करेगा, उसका ही मेयर बनेगा, यह लगभग अब तय दिखाई दे रहा है। इसी जोड़ तोड़ को लेकर आज कांग्रेस के प्रदेश प्रधान वडिंग, सीनियर लीडर्स जिसमें हरीश चौधरी, प्रताप बाजवा, पूर्व डिप्टी सीएम ओम प्रकाश सोनी, इम्प्रूवमेंट ट्रस्ट के पूर्व चेयरमैन दिनेश बस्सी, पूर्व मंत्री डॉ राजकुमार, पूर्व सीनियर डिप्टी मेयर रमन बक्शी और डॉ नवजोत कौर सिद्धू सहित सभी पार्षदों के साथ बैठक की जा रही है, जिसमें मेयर का नाम फाइनल होना लगभग तय है। राजकंवल लक्की और विकास सोनी में से एक को मिलेगी सीट
अगर कांग्रेस मेयर के लिए लगाए जोड़ सही बैठाती है तो वार्ड नंबर 14 से विजेता राजकंवल प्रितपाल सिंह लक्की और पूर्व डिप्टी सीएम के भतीजे विकास सोनी में से एक को यह सीट मिल सकती है। हालांकि इसमें लक्की के चांस ज्यादा है क्योंकि वो चार बार के पार्षद हैं और उनकी बेटी पहली ही बार में वार्ड नंबर 9 से विजेता है। लक्की नगर निगम में विपक्ष के नेता रहे हैं। वहीं विकास सोनी को ओम प्रकाश सोनी के भतीजे होने का फायदा मिल सकता है।


