पंजाब के अमृतसर के गांव वाण वसाऊ में एक युवक को अपने दोस्त व महिला फ्रेंड के साथ कार में घूमना भारी पड़ गया। दरअसल, जब महिला फ्रेंड को कार में घुमा रहा था, उसके भाइयों की नजर उस पर पड़ गई। इसके बाद भाइयों ने कार का पीछा कर जमकर पिटाई की। भाइयों ने शिकायत दी कि युवक अपने दोस्त के साथ मिल उनकी बहन से छेड़ छाड़ कर रहा था। फिलहाल युवक पुलिस की हिरासत में है, जबकि फरार दोस्त को पकड़ने के लिए छापेमारी की जा रही है। पकड़े गए युवक की पहचान गग्गोमाहल गांव के सुरजीत सिंह के तौर पर हुई है। सुरजीत सिंह ने जानकारी दी कि गांव वाण वसाऊ में मेले के दौरान उसकी और लड़की की दोस्ती हो गई थी। ढोल बजाने का काम करता है। मेले के बाद फोन पर बातचीत होने लगी। कुछ समय बाद उन्होंने मिलने का तय किया। युवक लड़की को कार में बैठाकर घुमाने ले गया, कार में आरोपी का दोस्त भी था। जब वह घूम रहे थे, तभी उसके भाइयों की नजर उस पर पड़ गई। जिसके बाद उसने कार को तेज भगाया, लेकिन कार का टायर फटने के बाद भाइयों ने उसे घेर लिया और जमकर पिटाई कर दी। युवक का आरोप है कि अब उसकी महिला फ्रेंड मुकर गई है। परिवार का आरोप- लड़की से हुई छेड़छाड़ लड़की के परिवार ने आरोप लगाया कि युवक और उसके दोस्तों ने लड़की से गलत हरकत करने की कोशिश की। जब लड़की ने विरोध किया तो उसने शोर मचाया। आवाज सुनकर लोग इकट्ठा हो गए और लड़की के परिवार के साथ मिलकर युवक को काबू कर लिया। बाद में पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर युवक को हिरासत में ले लिया और कार भी जब्त कर ली। युवक का दावा- खुद गई थी लड़की दूसरी ओर, गिरफ्तार युवक का कहना है कि लड़की उसकी सहमति से मिलने आई थी। उसका दावा है कि उसके पास वीडियो और ऑडियो भी हैं, जो साबित करते हैं कि मुलाकात लड़की की मर्जी से हुई थी। हालांकि पुलिस का कहना है कि किसी भी हालत में लड़की से छेड़छाड़ को जायज नहीं ठहराया जा सकता। पुलिस ने शिकायत पर कार्रवाई की शुरू लड़की के बयान पर युवक के खिलाफ अगवा और छेड़छाड़ का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस बाकी आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है। जांच अधिकारी हरचंद सिंह का कहना है कि लड़की का बयान ही केस की मुख्य आधार होगा और उसी के मुताबिक आगे की कार्रवाई की जाएगी। लड़की चाहे सहमति से गई है, लेकिन छेड़छाड़ करना गलत है।


