अमृतसर में हाईवोल्टेज तारों की चपेट में आया युवक:फ्लेक्स बोर्ड लगाते समय मौत; परिवार ने दोस्तो पर लगाए अरोप

पंजाब के अमृतसर जिले के थाना कंबोज क्षेत्र अंतर्गत पिंड माहल में हाईवोल्टेज बिजली तारों की चपेट में आने से 20 वर्षीय युवक की मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है और मृतक के परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक की पहचान विशाल (20 वर्ष) पुत्र सतनाम सिंह, निवासी पिंड माहल के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार विशाल अपने दोस्तों के साथ फ्लेक्स बोर्ड लगाने का काम कर रहा था। इसी दौरान बोर्ड अचानक ऊपर से गुजर रही हाईवोल्टेज तारों से टकरा गया, जिससे तेज करंट फैल गया और विशाल उसकी चपेट में आ गया। करंट लगते ही वह गंभीर रूप से झुलस गया और मौके पर ही गिर पड़ा। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत युवक को बचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। मृतक के परिवार ने इस मामले में गंभीर आरोप लगाए हैं। परिवार का कहना है कि विशाल को उसके दोस्त घर के काम के बहाने अपने साथ ले गए थे, जहां फ्लेक्स बोर्ड लगाने का काम कराया जा रहा था। दोस्त मौके से गायब परिवार का आरोप है कि जिस समय विशाल को करंट लगा, उस वक्त उसके दोस्त मौके से गायब हो गए और न तो उन्होंने परिवार को घटना की जानकारी दी और न ही बाद में घर आकर कुछ बताया। परिजनों का कहना है कि हादसे के बाद से दोस्त संपर्क में भी नहीं हैं। परिजनों ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर मृतक को इंसाफ दिलाया जाए। इस संबंध में जानकारी देते हुए थाना कंबोज के एएसआई बलदेव सिंह ने बताया कि विशाल अपने दोस्तों के साथ फ्लेक्स बोर्ड लगा रहा था, तभी यह हादसा हुआ। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। बलदेव सिंह ने बताया कि मृतक युवक का पोस्टमॉर्टम करवाया जा रहा है। मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों की पुष्टि हो सकेगी और उसी आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *