अमृतसर में 50 करोड़ की हेरोइन समेत तस्कर गिरफ्तार:पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए मंगवाई, सप्लाई करने जा रहा था; यूपी का रहने वाला

अमृतसर में आज यानी बुधवार को पुलिस ने 50 करोड़ की हेरोइन के साथ तस्कर को गिरफ्तार किया है। कमिश्नरेट पुलिस ने छेहरटा क्षेत्र के वडाली से मुख्य तस्कर यासीन मोहम्मद को गिरफ्तार कर 7.122 किलोग्राम हेरोइन बरामद की गई है। यह कार्रवाई सीआईए स्टाफ के इंचार्ज बलविंदर सिंह की टीम ने की। गिरफ्तार यासीन मोहम्मद उत्तर प्रदेश का निवासी है। पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी यासीन मोहम्मद (लगभग 22 साल) उत्तर प्रदेश का मूल निवासी है और वर्तमान में लालडू (मोहाली) में रह रहा था। यासीन के खिलाफ पहले भी एनडीपीएस एक्ट के तहत चार मामले दर्ज हैं। वह नशा तस्करी के कई मामलों में पहले भी गिरफ्तार हो चुका है। बेरोजगार होने पर वह लंबे समय से हेरोइन तस्करी के नेटवर्क से जुड़ा हुआ था। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि यह पूरा सिंडिकेट मोगा निवासी जगप्रीत सिंह उर्फ जग्गा द्वारा चलाया जा रहा था। जगप्रीत सिंह के खिलाफ भी चार मामले दर्ज हैं, जिनमें खन्ना, तलवंडी भाई, फिरोजपुर और समराला में एनडीपीएस से जुड़े गंभीर मामले शामिल हैं। पाकिस्तानी तस्करों के सीधे संपर्क में- पुलिस
पुलिस के अनुसार, जगप्रीत सिंह लंबे समय से पाकिस्तानी तस्करों के सीधे संपर्क में था। जांच से पता चला है कि जगप्रीत सिंह के निर्देश पर यासीन मोहम्मद पंजाब के मालवा क्षेत्र में हेरोइन की सप्लाई कर रहा था। दोनों 2023-24 में लुधियाना में सक्रिय रहे और कई बार सीमावर्ती क्षेत्रों से हेरोइन की खेप प्राप्त की। इन खेपों को भारत में लाने के लिए ड्रोन का इस्तेमाल किया जाता था। ड्रोन के माध्यम से हेरोइन पाकिस्तानी सीमा से अमृतसर, मोगा और फिरोजपुर के इलाकों में पहुंचाई जाती थी। पुलिस कमिश्नर ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की गहन तलाशी ली जा रही है। उसके मोबाइल और सोशल मीडिया संपर्कों से महत्वपूर्ण सबूत मिले हैं। इस नशा सिंडिकेट में शामिल कई अन्य लोगों की पहचान की जा रही है। पुलिस का कहना है कि इस नेटवर्क के अन्य सदस्यों को भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा और बड़े खुलासे होने की उम्मीद है

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *