अमृतसर सेवा समिति हर साल 8 करोड़ रुपए खर्च कर 10 लाख से ज्यादा मरीजों का इलाज कर रही है। जिले के 18 अस्पतालों में रोजाना एक हजार से अधिक मरीजों का 20 रुपए फीस में विशेषज्ञ डॉक्टरों से चेकअप होता है। समिति के अस्पतालों को चलाने में 30 प्रतिशत से ज्यादा योगदान दानी सज्जनों का है। बेरी गेट स्थित सेवा समिति अस्पताल में एनजीओ केनस्पाट के सहयोग से डॉक्टर घर-घर जाकर कैंसर मरीजों का मुफ्त इलाज करते हैं। अस्पतालों में एमडी इन मेडिसिन और एमडी इन सर्जरी डॉक्टर मरीजों का इलाज करते हैं। कैनेडी एवेन्यू, मालवीय रोड, खूह सुनेआरिया, दुर्ग्याणा मंदिर सेवा समिति सहित अन्य अस्पतालों में बाजार से आधे रेट पर अल्ट्रासाउंड, ब्लड टेस्ट, यूरिन टेस्ट और अन्य जांचे होती हैं। 200 से अधिक डॉक्टर, स्टाफ नेत्र, आर्था, चमड़ी, दंत, फिजियोथेरेपी और ईएनटी रोगों का इलाज कर रहे हैं। कहां करें संपर्क : खूह सुनेआरियां, हिंदू सभा कॉलेज- मो : 9888603134 सेवा समिति हिमाचल प्रदेश स्थित माता चिंतपूर्णी मंदिर में मुफ्त सराय भी चलाती है। हर साल अगस्त में मेले के दौरान श्रद्धालुओं को फ्री कमरों में ठहरने की सुविधा दी जाती है । समिति द्वारा नि:शुल्क मेडिकल चेकअप कैंप भी लगाया जाता है, जिसमें मरीजों को दवाइयां भी मुफ्त में दी जाती हैं। सेवा समिति के महासचिव नरेश कुमार मल्होत्रा ने बताया कि सेवा के पुंज मदन मोहन मालवीय ने 1919 में रेलवे स्टेशन और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर पानी की छबील लगाकर सेवा की शुरुआत की थी। इसके बाद 1924 में खूह सुनेआरियां में छोटी सी डिस्पेंसरी खोली गई थी। इसे बड़ा करने में पूर्व प्रधान स्वर्गीय एडवोकेट बृज भूषण खन्ना का भी अहम योगदान रहा है। उन्होंने 35 साल से अधिक समय तक सेवा समिति को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।


