भास्कर न्यूज | राजनांदगांव पर्यावरण बचाने और हरियाली बढ़ाने नगर निगम ने इस साल भी पौधरोपण शुरू किया है। इसकी शुरुआत महापौर मधुसूदन यादव ने 5 जून को आनंद वाटिका में एक पौधा मां के नाम लगाकर की। रविवार को इसी क्रम में आरके नगर स्थित अमृत उद्यान में पौधे लगाए गए। महापौर ने कहा कि पौधे लगाना जरूरी है। आज के समय में पेड़ों की कटाई तेजी से हो रही है। लेकिन उतने पौधे नहीं लगाए जा रहे। इससे जन-जीवन पर असर पड़ रहा है। इसी को ध्यान में रखकर निगम पौधारोपण कर रहा है। अमृत उद्यान में कई प्रजातियों के पौधे लगाए गए। शासन की ओर से भी एक पेड़ मां के नाम अभियान चलाया जा रहा है। नगर निगम आयुक्त अतुल विश्वकर्मा ने कहा कि इस साल भी शहर में जगह तय कर पौधे लगाए जा रहे हैं। पिछले साल लगाए गए पौधों की देखरेख की जा रही है। उनमें से कई अब पेड़ बन चुके हैं। यह सब लोगों के सहयोग से संभव हुआ है। हर व्यक्ति अगर अपने घर या संस्था के सामने लगे पेड़ की देखभाल करे तो शहर हरा-भरा बन सकता है। जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के अध्यक्ष सचिन बघेल, निगम आयुक्त अतुल विश्वकर्मा, राजस्व विभाग के प्रभारी सदस्य राजा माखीजा, पार्षद संदीप बघेल, सेवक उईके, पार्षद प्रतिनिधि पंकज कुरंजेकर मौजूद रहे। वार्ड के प्रबुद्धजन रूपचंद भीमनानी, संदीप भट्टाचार्य, प्रोफेसर कैलाश देवांगन, विद्युत मंडल के सेवानिवृत्त कार्यपालन अभियंता अशोक उमरे, नीलेश जोबनपुत्र, टीकाराम त्यागी, आदित्य पराते, कृष्णा तिवारी, जय वैष्णव, महिलाएं और वार्डवासी भी शामिल हुए। सभी ने नीम और कदम के पौधे लगाए।


