अमृत-2 योजना के तहत सीहोर में बन रही पानी की टंकियों के निर्माण में बिजली चोरी का मामला सामने आया है। गुजरात की श्याम कंस्ट्रक्शन कंपनी पर बिजली विभाग ने 1 लाख 46 हजार रुपये से ज्यादा का जुर्माना लगाया है। यह कार्रवाई शिकायत मिलने के बाद की गई। नगर पालिका क्षेत्र में कुल 9 पानी की टंकियां बनाई जा रही हैं। जांच के दौरान पता चला कि गंज दशहरा मैदान और कलेक्टर बंगले के पास बालविहार मैदान में बन रही टंकियों के लिए न तो स्थायी और न ही अस्थायी बिजली कनेक्शन लिया गया था। इसके बावजूद मिक्सर मशीन, वेल्डिंग और अन्य मशीनें चोरी की बिजली से चलाई जा रही थीं। बिना अनुमति बिजली उपयोग कर रहा था ठेकेदार
हैरानी की बात यह है कि यह निर्माण कार्य साल 2023 से चल रहा था और ठेकेदार पिछले दो साल से बिना अनुमति बिजली का इस्तेमाल कर रहा था। इस दौरान बिजली विभाग की ओर से कोई कार्रवाई नहीं हुई, जिससे विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठे हैं। निर्माण स्थलों पर बाहर से आए मजदूर लंबे समय तक काम करते हैं। बिना वैध बिजली कनेक्शन के काम करने से मजदूरों की जान को खतरा बना हुआ था। बिजली विभाग ने कार्रवाई करते हुए बालविहार मैदान की टंकी पर 65,065 रुपये, पीडब्ल्यूडी के पीछे बनी टंकी पर 51,450 रुपये और गंज टंकी पर 30,378 रुपये का जुर्माना लगाया है। विभाग ने साफ किया है कि आगे भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी।


