भास्कर न्यूज | अमृतसर अमृतसर मूल के दक्ष संधू ने अमेरिका के वॉशिंगटन स्थित साउंड एफसी फुटबॉल क्लब के लिए खेलते हुए 2024-25 सीज़न में शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने टीम के लिए सबसे ज्यादा गोल किए और वॉशिंगटन प्रेसिडेंट्स कप जितवाने में अहम भूमिका निभाई। अब टीम जून 2025 में इडाहो में होने वाली रीजनल चैंपियनशिप में भाग ले रही है। भारतीय मूल के इस युवा खिलाड़ी की तेज़ी, बॉल कंट्रोल और गोल करने की क्षमता ने उन्हें टीम में खास स्थान दिलाया है। उनके दादा पूरन सिंह संधू (रिटायर्ड इंस्पेक्टर, पंजाब पुलिस) ने बताया कि तरन तारन के एक पिछड़े गांव से निकलकर उनका परिवार आज अमेरिका में शिक्षा और खेल में नाम कमा रहा है। दक्ष के माता-पिता माइक्रोसॉफ्ट में सॉफ्टवेयर इंजीनियर हैं और वहां पंजाबी विरसे से जुड़े रहने के लिए गुरुद्वारे में बच्चों को पंजाबी पढ़ाते हैं। दक्ष की सफलता भारतीय युवाओं को फुटबॉल में आगे बढ़ने की प्रेरणा देती है।


