अमेरिका ने इमिग्रेशन नियम कड़े करने के बाद जनवरी से अब तक 85 हजार वीजा रद्द किए हैं। US स्टेट डिपार्टमेंट ने X पर पोस्ट कर बताया कि यह कार्रवाई इमिग्रेशन एनफोर्समेंट और बॉर्डर सिक्योरिटी पर ट्रंप प्रशासन के बढ़ते फोकस का हिस्सा है। इस पोस्ट से वीजा रेगुलेशन को लेकर प्रशासन की सख्ती का संकेत मिला। एक सीनियर अधिकारी ने बताया कि रद्द किए गए वीजा में से 8 हजार से ज्यादा स्टूडेंट्स के थे। नशे में गाड़ी चलाना, चोरी और हमला जैसे अपराध रद्दीकरण के प्रमुख कारण बताए गए जो पिछले साल के लगभग आधे कैंसलेशन का हिस्सा थे। कुछ वीजा वीजा-एक्सपायरी, आतंकवाद के समर्थन से जुड़ी जांच और अन्य गंभीर कारणों से भी रद्द किए गए। अक्टूबर में प्रशासन ने उन लोगों के वीजा भी रद्द कर दिए थे जिन पर कंजर्वेटिव एक्टिविस्ट चार्ली किर्क की हत्या का जश्न मनाने का आरोप था। गाजा संघर्ष से जुड़े विरोध प्रदर्शनों में शामिल इंटरनेशनल स्टूडेंट्स भी कड़ी जांच के दायरे में आए हैं। अगस्त में डिपार्टमेंट ने घोषित किया था कि वह वैध US वीजा रखने वाले 55 मिलियन से अधिक विदेशियों पर लगातार जांच प्रणाली लागू करेगा ताकि उनके देश में रहने के दौरान निगरानी बढ़ाई जा सके। इसके अलावा H-1B एप्लिकेंट्स की स्क्रीनिंग भी ज्यादा सख्त कर दी गई है। कुल मिलाकर यह सभी कदम वीजा उल्लंघनों पर कठोर कार्रवाई और इमिग्रेशन कंट्रोल को मजबूत करने की दिशा में प्रशासन की आक्रामक नीति को दिखाते हैं।


