अमेरिका में शादी करने गई युवती भी पकड़ी गई:परिवार ने 40 लाख रुपए खर्च कर भेजी थी, US डिपोर्ट पंजाबियों की कहानियां

अमेरिका से कल (5 फरवरी) जिन 30 पंजाबियों को डिपोर्ट किया गया, वे डंकी रूट से US पहुंचे थे। इसके लिए उन्होंने 40 से 50 लाख तक खर्च किए। किसी ने जमीन-गहने बेचे तो किसी ने मोटे ब्याज पर लाखों का कर्ज लिया। परिवार को उम्मीद थी कि अमेरिका पहुंचने के बाद उनके हालात बदल जाएंगे। कर्जा भी चुका देंगे। जमीन भी खरीद लेंगे। मगर, अचानक अमेरिकी सरकार ने उन्हें डिपोर्ट कर दिया। हालांकि, परिजनों को इस बात का दिलासा है कि बच्चे अपने घर लौट आए हैं। मगर, अब खाएंगे क्या, कर्ज कैसे चुकाएंगे? ऐसी कई चिंताएं उन्हें खाए जा रही हैं। अमेरिका से डिपोर्ट पंजाबियों के परिवारों की कहानियां…. शादी का सपना लेकर अमेरिका पहुंची थी सुख
अमृतसर की 26 साल की सुख कौर शादी करने के लिए अमेरिका गई थी। अमेरिका में उसके मामा की बहन सेटल है और उसी ने उसका रिश्ता वहां एक युवक से कराया। उसका मंगेतर सात साल से कैलिफोर्निया में है। परिवार ने 2 जनवरी को अपनी बेटी को इस उम्मीद के साथ शेंगेन वीजा पर स्पेन भेजा कि एक बार वह अमेरिका पहुंच जाए तो वहां मंगेतर से शादी कर लेगी और उसके बाद सबकुछ ठीक हो जाएगा। स्पेन पहुंचने के बाद सुख 20 दिन में अमेरिका पहुंच भी गई, लेकिन एक महीने के भीतर उसे डिपोर्ट कर दिया गया। सुख के माता-पिता खेतीबाड़ी करते हैं। बेटी को अमेरिका भेजने पर परिवार ने करीब 40 लाख रुपए खर्च किए। इसमें से कुछ रकम उसके मंगेतर ने भी दी, लेकिन अब बेटी वापस घर पहुंच गई है। प्रदीप मोहाली में डेराबस्सी के गांव जड़ौत का है। वह डंकी रूट से अमेरिका गया। मां नरिंदर कौर कहती हैं- 41 लाख रुपए लगे। एक एकड़ जमीन बेची, कुछ कर्ज लिया। 15 दिन पहले वह अमेरिका पहुंचा। एजेंट ने कहा था, सब लीगल है। प्रदीप कहता था- घर बना लेंगे, बड़ी गाड़ी लेंगे। अब अचानक उसे वापस भेज दिया। पिता पहले से ही डिप्रेशन के मरीज हैं। कर्ज और जमीन बेचने से घर की हालत और बिगड़ गई है। हालत अब ऐसी हो गई कि नमक से भी खाना नहीं खा पाएंगे। समझ नहीं आ रहा है कि परिवार कर्ज कैसे भरेगा। CM भगवंत मान हमारी मदद करें। होशियारपुर के हरविंदर सिंह गांव में खेती करते थे। जमीन थोड़ी थी। उससे 2 भाईयों का परिवार पलता था। बच्चे बड़े हो रहे थे। खर्चा बढ़ रहा था। ऐसे में हरविंदर ने डंकी रूट से अमेरिका जाने की राह चुनी। पत्नी कुलविंदर कौर कहती हैं- 10 महीने पहले डंकी के जरिए अमेरिका के लिए निकले। 42 लाख कर्ज लिया। अमेरिका पहुंचने तक रोज फोन करते थे। रास्ते का वीडियो शेयर करते थे। 15 जनवरी से संपर्क में नहीं थे। कभी सोचा तक नहीं था कि ऐसे वापस भेज दिया जाएगा। एजेंट अब फोन नहीं उठा रहे। घर में 12 साल की बेटी, 13 साल का बेटा है। अब हम क्या करेंगे? गुरदासपुर के फतेहगढ़ चूड़ियां का जसपाल सिंह 6 महीने पहले डंकी रूट से अमेरिका के लिए निकला था। 13 दिन पहले ही वह अमेरिका में दाखिल हुआ था। परिवार ने उसे अमेरिका तक पहुंचाने के लिए लाखों रुपए खर्च किए। उम्मीद थी कि उसके वहां पर जाते ही किस्मत बदलेगी। मगर, परिवार पर अब मुसीबतों का पहाड़ टूट पड़ा। घर में पत्नी और 2 छोटे बच्चे हैं। जसपाल के पिता का कुछ समय पहले ही निधन हो चुका है। बेटा तो सकुशल आ गया, लेकिन अब आगे क्या, इसका कोई जवाब नहीं मिल रहा। 23 साल का आकाशदीप अमृतसर जिले के बॉर्डर एरिया के गांव राजताल में रहता है। परिवार का दुख दूर करने के लिए छोटी उम्र में ही वह डंकी रूट से अमेरिका के लिए निकल पड़ा। पिता स्वर्ण सिंह कहते हैं- वह तो कनाडा जाना चाहता था। 12वीं पास होने के बाद कोशिश भी की। मगर, IELTS में बैंड नहीं आए। 2 साल बाद 4 लाख खर्च कर दुबई चला गया। वहां ट्रक चलाया। फिर एक एजेंट मिला। उसने कहा- 55 लाख में अमेरिका भेज दूंगा। बेटे को अमेरिका भेजने के लिए अपनी ढाई एकड़ में से 2 एकड़ जमीन बेच दी। 14 दिन पहले वह अमेरिका पहुंचा और अब वापस भेज दिया गया। परिवार पालने के लिए अब आधा एकड़ जमीन बची है। पता नहीं अब आगे क्या होगा। फतेहगढ़ साहिब का जसविंदर सिंह 15 जनवरी को ही डंकी रूट से अमेरिका में घुसा। पिता सुखविंदर सिंह कहते हैं- रिश्तेदारों और कुछ ज्वेलरों से 50 लाख कर्ज लेकर भेजा था। वह वापस आ गया, अब सारा पैसा भी डूब गया। उल्टा कर्ज चुकाने की मुसीबत आ गई है। वह दशहरे के 4 दिन बाद ही डंकी रूट से रवाना हुआ था। घर के हालात ठीक नहीं थे। गरीबी थी, सोचा था कि यह बाहर जाएगा तो दिन बदल जाएंगे। मुझे तो नंबरदार ने फोन किया कि आपके बेटे को डिपोर्ट कर दिया है। सरकार हमारी मदद करे। लुधियाना के जगराओं की मुस्कान भी डिपोर्ट होकर लौट आई है। पिता जगदीश कुमार पुरानी सब्जी मंडी रोड पर ढाबा चलाते हैं। जगदीश बताते हैं कि उनकी 4 बेटियों में मुस्कान सबसे बड़ी है। उसे पढ़ाई के लिए स्टडी वीजा पर UK भेजा था। वहां कुछ महीने रहने के बाद एजेंट के जरिए वह अमेरिका पहुंच गई। अभी वहां एक महीना ही हुआ लेकिन वापस भेज दी गई। उसे भेजने के लिए बैंक से लोन लिया। रिश्तेदारों से पैसे उधार लिए। पिछले महीने ही बेटी से बात हुई थी। हमने सोचा था, मुस्कान सबसे बड़ी है। अमेरिका में सेटल होने के बाद बाकी 3 बहनों को भी बुला लेगी लेकिन अब कुछ नहीं बचा। अमेरिका से डिपोर्ट होकर लोगों में कपूरथला जिले के गांव तरफ बहबल बहादुर का रहने वाला गुरप्रीत सिंह भी शामिल है। वह देर रात करीब ढाई-तीन बजे अपने घर पहुंचा। गुरप्रीत के पिता तरसेम सिंह ने बताया कि वह मजदूरी करते हैं। उन्होंने अपना घर गिरवी रखकर और रिश्तेदारों से उधार लेकर 45 लाख रुपए जुटाए थे। महज 6 महीने पहले बेटे को विदेश भेजा था। गुरप्रीत 22 दिन पहले ही अमेरिका के बेस कैंप में पहुंचा था। बेटे के डिपोर्ट होने की खबर मिलने के बाद से परिवार टूट चुका है। ॰॰॰॰॰॰॰॰॰॰॰॰॰॰ ये खबरें भी पढ़ें… अमेरिका से भारतीयों के डिपोर्ट होने पर 4 ट्विस्ट रहे:लिस्ट-विमान लैंडिंग की टाइमिंग बदली; परिवार रोके, एयरबेस का इस्तेमाल अमेरिका से डिपोर्ट किए गए 104 भारतीयों को लेकर अमेरिकी सेना का विमान बुधवार (5 फरवरी) को अमृतसर एयरपोर्ट पर लैंड हुआ। इनमें हरियाणा और गुजरात के 33-33, पंजाब के 30 लोग भी शामिल थे। दोपहर 2 बजे अमेरिकी एयरफोर्स का C-17 ग्लोबमास्टर विमान अमृतसर एयरपोर्ट पर उतरा। पूरी खबर पढ़ें… अमेरिका से डिपोर्ट हरियाणा के लोगों की कहानी:परिवारों ने जमीनें बेचीं, कर्ज लिया; एक के परिजनों को पता नहीं बेटा कैसे विदेश पहुंचा हरियाणा के 33 लोगों की अमेरिका से वतन वापसी हुई। आरोप है कि ये सभी अवैध तरीके से अमेरिका में रह रहे थे। बुधवार (5 फरवरी) को अमेरिका एयरफोर्स का विमान इन्हें लेकर अमृतसर एयरपोर्ट पर लैंड हुआ। पूरी खबर पढ़ें…

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *