अमेरिकी सेना के वेनेजुएला ऑपरेशन में अपदस्थ राष्ट्रपति निकोलस मादुरो की पत्नी सिलिया फ्लोरेस को काफी चोटें आई हैं। न्यूयॉर्क पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक फ्लोरेस जब सोमवार को न्यूयॉर्क कोर्ट में पेश हुईं तब उनके चेहरे पर पट्टियां बंधी हुई थीं और उनकी दाहिनी आंख पर चोट का नीला निशान साफ दिखाई दे रहा थी। फ्लोरेस के वकील मार्क डोनेली ने कोर्ट को बताया कि ये चोटें उस वक्त लगीं, जब अमेरिकी सेना ने उन्हें पकड़ा था। वकील ने कहा कि फ्लोरेस की पसलियों में भी फ्रैक्चर है। उन्हें इलाज की जरूरत पड़ सकती है। वकील ने अदालत से मांग की कि फ्लोरेस का पूरा एक्स-रे कराया जाए, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि हिरासत में उनकी सेहत ठीक है। फ्लोरेस के साथ उनके पति निकोलस मादुरो भी कोर्ट में पेश हुए। मादुरो पर कोकीन की तस्करी और हथियारों से जुड़े अपराधों समेत कई आरोप लगाए गए हैं, जिन पर उन्होंने खुद को निर्दोष बताया। मादुरो ने कहा, “मैं निर्दोष हूं। यहां जो कुछ भी कहा गया है, उसमें मैं किसी भी बात का दोषी नहीं हूं। मैं एक शरीफ इंसान हूं।” फ्लोरेस ने भी दुभाषिए (अनुवादक) के जरिए यही बात दोहराई। उन्होंने कहा, “दोषी नहीं, पूरी तरह निर्दोष।”


