भास्कर न्यूज | अमृतसर संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर आज देशभर में अमेरिका और भारत सरकार के बीच बन रहे व्यापारिक समझौतों के खिलाफ जिला, तहसील और ब्लॉक स्तर पर विरोध प्रदर्शन किए गए। किसान संगठनों ने एकजुट होकर कचहरी चौक तक मार्च किया और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला फूंका। इस विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व उग्राहां यूनियन के परमिंदर सिंह पंडोरी, जमहूरी किसान सभा के मंगल सिंह टांडा, और आजाद संघर्ष कमेटी के हरजीत सिंह झीता सहित अन्य किसान नेताओं ने किया। नेताओं ने कहा कि भारत का छोटा किसान अमेरिका के बड़े फार्म उद्योग से मुकाबला नहीं कर सकता, क्योंकि वहां के किसानों को भारी सब्सिडी मिलती है, जबकि यहां किसान पहले ही कर्ज और घाटे में डूबे हुए हैं। आंदोलनकारियों ने सरकार को आगाह किया कि यदि यह अमेरिका समर्थित व्यापार समझौता लागू किया गया, तो देशव्यापी आंदोलन शुरू किया जाएगा। इस अवसर पर सुमीत सिंह तर्कशील, कुलबीर सिंह जेठूवाल, जगतार सिंह करमपुरा, डॉ बलविंदर छेहरटा, एडवोकेट अमरजीत बाई सहित कई अन्य नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


