बिलासपुर| रामनवमी के अवसर पर शहर के 1008 राम भक्तों को अयोध्या धाम की निशुल्क यात्रा कराई जाएगी। रविवार को पुलिस मैदान में पंजीयन शुरू हुआ। इसके लिए रात तीन बजे से ही भक्त कतार में लगना शुरू हो गए थे। सुबह काउंटर खुलते ही जय श्री राम के नारों से पूरा मैदान गूंज उठा और कुछ ही घंटों में 1008 पंजीयन पूरे हो गए। सबसे पहली बुकिंग हनुमान जी के नाम दर्ज की गई, जो बस की पहली सीट पर विराजेंगे। इस अवसर पर मुख्य अतिथि बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक व जिला कलेक्टर संजय अग्रवाल मौजूद रहे। दोपहर 12 बजे तक श्रद्धालु मैदान में डटे रहे। यात्रा संयोजक प्रवीण झा ने बताया कि इस साल अयोध्या यात्रा दर्शन समिति को 5000 से अधिक भक्तों ने दर्शन के लिए संपर्क किया। रामनवमी 26 मार्च को है, जबकि यात्रा 25 मार्च को सुबह 11 बजे पुलिस मैदान से शुरू होगी। इस अवसर पर 25 एसी बस और 10 कारों के माध्यम से 1008 रामभक्त अयोध्या धाम के लिए रवाना होंगे।


