अयोध्या धाम में राम की पैड़ी पर छिंदवाड़ा के श्री रामलीला मंडल के तीन दिवसीय भव्य मंचन की शुरुआत शनिवार को हुई। इस ऐतिहासिक अवसर पर छिंदवाड़ा-पांढुर्णा संसदीय क्षेत्र के सांसद बंटी विवेक साहू ने राजा जनक की भूमिका निभाई। मंडल वर्ष 1889 से लगातार छिंदवाड़ा में रामलीला कर रहा है, लेकिन लंबे संकल्प के बाद यह पहला मौका है जब वे अयोध्या में मंचन कर रहे हैं। पहले दिन का मुख्य आकर्षण सीता स्वयंवर रहा। धनुष यज्ञ के दौरान राजाओं की असफलता और अंत में भगवान श्रीराम द्वारा शिवधनुष तोड़ने का दृश्य मंचित किया गया। पूरा परिसर “जय श्रीराम” के उद्घोष से गूंज उठा। राजा जनक के किरदार में सांसद विवेक बंटी साहू के अभिनय ने दर्शकों को काफी प्रभावित किया। वनगमन और केवट प्रसंग ने भावुक किया
मंचन में राम राज्याभिषेक की घोषणा, कैकेयी-मंथरा संवाद और दशरथ-कैकेयी संवाद के दृश्य दिखाए गए। पहले दिन का समापन कोप भवन से राम, सीता और लक्ष्मण के वनगमन, निषादराज से मिलन और केवट द्वारा चरण पखारने के दृश्यों के साथ हुआ। इन प्रसंगों ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया। शंकर-पार्वती संवाद से हुई शुरुआत
मुख्य निर्देशक वीरेंद्र शुक्ल ने बताया कि शुरुआती दृश्य में भगवान शंकर द्वारा माता पार्वती को रामकथा सुनाने का मंचन हुआ। इसके बाद देवगणों की प्रार्थना पर विष्णु का अवतार लेना, राजा दशरथ का पुत्रेष्टि यज्ञ और विश्वामित्र का राम-लक्ष्मण को अपने साथ ले जाने का प्रसंग दिखाया गया। साधु-संतों ने की अभिनय की तारीफ
कलाकारों के अभिनय, संवाद और वेशभूषा की वहां मौजूद साधु-संतों ने प्रशंसा की। अतिथियों में महामंडलेश्वर अखिलेश्वरानंद, महंत सियाराम शरण, महंत रामचंद्र दास सहित मंडल के संरक्षक कस्तूरचंद जैन, राजू चरणागर, सतीश दुबे, विनोद विश्वकर्मा आदि उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन तरुण जैन ने किया। रविवार को होगा भरत मिलाप
मंडल अध्यक्ष अरविंद राजपूत ने बताया कि देशभर से आए श्रद्धालु इस भक्तिमय आयोजन के साक्षी बने। आयोजन समिति के अनुसार, रविवार को भरत मिलाप सहित आगे की कथा प्रस्तुत की जाएगी। श्रद्धालुओं से अधिक संख्या में उपस्थित रहने की अपील की गई है।


