अयोध्या में राम मंदिर को बम से उड़ाने की धमकी:तमिलनाडु से आया ई-मेल, लिखा- बढ़ा लो मंदिर की सुरक्षा; सर्च ऑपरेशन जारी

अयोध्या के राम मंदिर को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। 14 अप्रैल (सोमवार) की रात राम जन्मभूमि ट्रस्ट को एक ई-मेल आया था। इसमें लिखा है- बढ़ा लो मंदिर की सुरक्षा। ट्रस्ट के अकाउंट अफसर महेश कुमार ने मंगलवार को पुलिस की साइबर सेल में केस दर्ज कराया है। धमकी मिलने के बाद जन्मभूमि परिसर और आसपास के इलाकों में सुरक्षा बलों की गश्त बढ़ा दी गई है। इलेक्ट्रॉनिक निगरानी प्रणाली को एक्टिव किया गया है। पुलिस ने मंदिर के पास सर्च ऑपरेशन चलाया। वहीं, बाराबंकी, चंदौली और अलीगढ़ समेत कई जिलों के जिलाधिकारियों को भी धमकीभरा ई-मेल आया है। इसमें DM ऑफिस को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। ये सभी मेल तमिलनाडु से भेजे गए हैं। तमिलनाडु की साइबर सेल को भी एक्टिव किया गया
संदिग्ध ई-मेल की सूचना मिलते ही तमिलनाडु की साइबर सेल को भी अलर्ट कर दिया गया है। जिससे ई-मेल भेजे जाने की सटीक लोकेशन और इसके पीछे मौजूद शातिर की पहचान की जा सके। बता दें कि रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के बाद से कई बार धमकी मिल चुकी है। खालिस्तानी आतंकी पन्नू भी कई बार धमकी दे चुका है। अयोध्या पुलिस प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी अफवाह से बचें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत प्रशासन को दें। 3 मार्च को अयोध्या के अब्दुल को बम के साथ पकड़ा गया था अयोध्या का रहने वाले अब्दुल रहमान को 3 मार्च को फरीदाबाद से पकड़ा गया था। वह राम मंदिर पर हैंड ग्रेनेड से हमला करने की साजिश कर रहा था। वह हैंड ग्रेनेड की डिलीवरी लेने के लिए अयोध्या से फरीदाबाद गया था। वह साजिश को अंजाम दे पाता, इससे पहले ही पकड़ा गया। सुरक्षा एजेंसियों को पूछताछ के बाद पता चला कि अब्दुल रहमान ISI के इस्लामिक स्टेट खुरासान प्रोविंस (ISKP) मॉड्यूल से जुड़ा हुआ था। जब अब्दुल रहमान को पकड़ा गया, तो उसके पास 2 हैंड ग्रेनेड भी थे। ये उसे ISI के हैंडलर ने दिए थे। गुजरात ATS ने बताया था- अब्दुल रहमान के सोशल मीडिया के जरिए आतंकवादी संगठन से जुड़े होने की जानकारी सामने आई थी। मंदिर को बम से उड़ाने की कई धमकियां मिल चुकी हैं राम मंदिर के आसपास ड्रोन उड़ाने की परमिशन नहीं
राम मंदिर और आसपास ड्रोन प्रतिबंधित है। ड्रोन उड़ाने के लिए प्रशासन से अनुमति लेनी पड़ती है। यहां तक की राम मंदिर के ऊपर से विमान उड़ाने तक की अनुमति नहीं है। राम मंदिर की सुरक्षा की जिम्मेदारी SSF यानी स्पेशल सिक्योरिटी फोर्स के हाथों में हैं। 200 जवान मंदिर की सुरक्षा में तैनात हैं। अयोध्या में NSG हब बनाने की तैयारी
22 जनवरी, 2024 को रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा के बाद से हर दिन करीब डेढ़ लाख श्रद्धालु दर्शन करने आते हैं। मंदिर पर आतंकी हमले को लेकर धमकियां भी मिलती रहती हैं। ऐसे में अयोध्या की सुरक्षा को पूरी तरह दुरुस्त करने के लिए यहां NSG का हब बनाने की तैयारी है। NSG यूनिट विशेष हथियार (स्पेशलाइज्ड वेपन) और एंटी ड्रोन तकनीक से लैस होगी। मंदिर परिसर में 11 करोड़ की लागत से इंट्रीग्रेटेड कंट्रोल सेंटर बनाया जा रहा है। इसमें पुलिस, CRPF, SSF और खुफिया संगठनों के बैठने की व्यवस्था होगी। ———————— ये खबर भी पढ़ें… मां को ढूंढते हुए मुंबई से झांसी पहुंचा बच्चा, बोला- स्कूल से लौटा तो घर में मम्मी नहीं दिखीं; ट्रेन में चढ़ा, तभी गाड़ी चल दी झांसी के रेलवे स्टाफ को सोमवार रात ट्रेन में 5 साल का बच्चा मिला। वह अपनी मां की तलाश में मुंबई से झांसी पहुंच गया। जब उसे इस बात का एहसास हुआ कि वह अपने घर से बहुत दूर आ गया है तो डर गया। झांसी के रेलवे स्टाफ ने बच्चे को अपनी देखरेख में रखा है। अब उसके परिवार से संपर्क किया जा रहा है। 1,115 किलोमीटर दूर मुंबई से झांसी पहुंचे 5 साल के बच्चे ने बताया कि वह मुंबई के ठाणे का रहने वाला है। उसकी मां का नाम सक्को और पिता का नाम रोहित है। उसका एक बड़ा भाई भी है, जो काम करने जाता है। बोला कि जब वह स्कूल से घर आया तो मां घर में नहीं मिली। पढ़ें पूरी खबर…

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *