सिटी रिपोर्टर | बोकारो बुधवार को सेक्टर-5 स्थित श्री अय्यप्पा पब्लिक स्कूल परिसर में तुलसी पूजन एवं विंटर कार्निवाल सह क्रिसमस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। तुलसी माता की सुंदर श्रृंगारयुक्त प्रतिमूर्ति आकर्षण का केंद्र रही। अभिभावकों एवं विद्यार्थियों की उपस्थिति में भक्तिभाव के साथ पूजन किया गया। मंत्रोच्चार, श्लोक, भजन, दीपोचार एवं तिलकोत्सव के साथ बच्चे पारंपरिक परिधानों में शामिल हुए। अध्यक्ष पी राजगोपाल ने तुलसी के औषधीय गुणों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि ऐसे आयोजन से बच्चों में संस्कृति संरक्षण की भावना विकसित करते हैं। उपाध्यक्ष शशिंद्र करात एवं मोहनन आर नायर, महासचिव ईएस सुशीलन, कोषाध्यक्ष बालाचंद्रन तथा निदेशक मंडल के सदस्य केए सुरेश कुमार और डॉ. सुरेश बाबू ने विद्यार्थियों को आशीर्वाद दिया। प्रधानाचार्या पी शैलजा जयकुमार ने कहा कि तुलसी सकारात्मक ऊर्जा का प्रमुख स्रोत है। कक्षा 2ए के विद्यार्थी आदर्श राज के पिता अमृत राज के सहयोग से बच्चों को तुलसी पूजन के महत्व एवं औषधीय गुणों के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही विद्यालय में क्रिसमस का आयोजन भी बड़े हर्षोल्लास के साथ किया गया। भव्य रूप से सजे क्रिसमस ट्री के बीच बच्चों द्वारा सब्जियों और फलों की थीम पर फैंसी ड्रेस परेड प्रस्तुत की गई। बच्चे क्रिसमस से संबंधित वेशभूषा में भी नजर आए। कार्यक्रम में विशेष रूप से आए सांता क्लॉज ने बच्चों को चॉकलेट बांटी और जिंगल बेल जैसे गीतों पर नृत्य कर बच्चों एवं दर्शकों का मन मोह लिया। मातृ-पितृ पूजन कर बच्चों में माता-पिता के प्रति सम्मान और आदर की भावना विकसित हो सके। सौहार्द, संस्कृति और परंपरा के सुंदर समन्वय के साथ रंगारंग कार्यक्रम संपन्न हुआ।


