ब्यावर जिला कांग्रेस सेवादल ने मंगलवार को अरावली पर्वत श्रृंखला में प्रस्तावित खनन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। “अरावली बचाओ, पेड़ बचाओ” अभियान के तहत महामहिम राष्ट्रपति के नाम एक ज्ञापन ब्यावर कलेक्टर को सौंपा गया। यह कार्यक्रम राजस्थान कांग्रेस सेवादल के अध्यक्ष हेम सिंह शेखावत के निर्देशानुसार आयोजित किया गया था। ब्यावर जिला कांग्रेस सेवादल जिलाध्यक्ष एडवोकेट विक्रम सोनी के नेतृत्व में सेवादल कार्यकर्ताओं ने महात्मा गांधी सर्किल, ब्यावर पर मानव श्रृंखला बनाकर विरोध जताया। उन्होंने सरकार के अरावली में खनन संबंधी फैसले को पर्यावरण विरोधी बताया। वक्ताओं ने इस दौरान कहा कि अरावली पर्वत श्रृंखला भारत की सबसे प्राचीन पर्वत श्रृंखलाओं में से एक है, जो राजस्थान, हरियाणा और दिल्ली तक फैली है। यह श्रृंखला जलवायु संतुलन बनाए रखने, जल संसाधनों के संरक्षण और जैव विविधता की रक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि अवैध खनन, अंधाधुंध पेड़ों की कटाई और बढ़ते प्रदूषण के कारण अरावली की हरियाली और जीव-जंतुओं पर गंभीर संकट उत्पन्न हो गया है। ऐसे में सरकार का खनन संबंधी निर्णय भविष्य के लिए घातक सिद्ध हो सकता है। इस प्रदर्शन में पीसीसी उपाध्यक्ष एवं आसींद के पूर्व विधायक हगामीलाल मेवाड़ा, पीसीसी महासचिव एवं पूर्व विधायक मसूदा राकेश पारीक, ब्यावर विधानसभा प्रत्याशी पारस पंच, जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष किशोर चौधरी, प्रदेश सेवादल सचिव सोहन मेवाड़ा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं सेवादल कार्यकर्ता मौजूद रहे। अन्य उपस्थित पदाधिकारियों में पूर्व महिला जिलाध्यक्ष राधिका शर्मा, महिला सेवादल जिलाध्यक्ष एडवोकेट उर्मिला कंवरिया, सेवादल ब्यावर विधानसभा अध्यक्ष एडवोकेट मगन सोलंकी, शहर अध्यक्ष डॉ. अरविंद माथुर, जिला प्रवक्ता ऋषि लांबा और महासचिव कमलेश बोहरा शामिल थे। कांग्रेस सेवादल ने केंद्र व राज्य सरकार से अरावली क्षेत्र में खनन पर तत्काल रोक लगाने तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है।


