राजन गोसाईं | अमृतसर पंजाब सरकार की ओर से गर्भवती महिलाओं के लिए मुफ्त उपचार की सेवा की शुरूआत की जा रही है। 23 जून से गर्भवती महिलाओं का आम आदमी क्लीनिक (अरोग्य सेंटरों) में इलाज शुरू हो जाएगा। सिविल सर्जन डॉ. किरनदीप कौर ने बताया कि इसके लिए जरूरी इंतजाम कर लिए गए हैं। डा. कौर ने बताया कि जिले में कुल 72 आम आदमी क्लीनिक हैं जिनमें डॉक्टरों और अन्य स्टाफ की पहले से ही तैनाती हो चुकी है। गर्भवती महिलाओं के इलाज में क्या-क्या कुछ करना है, उनसे कैसे पेश आना है, इस बारे में सभी डाक्टरों और स्टाफ की ट्रेनिंग भी हो चुकी है। आम आदमी क्लीनिक में आने वाली गर्भवती महिला का हर महीने मुफ्त चेकअप तो होगा ही, साथ ही उन्हें मुफ्त दवाइयां भी मुहैया कराई जाएंगी। हर माह गर्भवती महिला के सीबीसी, यूरिन, ब्लड शुगर, एचआईवी, वीडीआरएल, हेपेटाइटिस्ट-बी और अन्य टेस्ट भी मुफ्त में किए जाएंगे। इसके अलावा हर महीने होने वाले अल्ट्रासाउंड के लिए भी सरकार की ओर से विशेष कदम उठाए गए हैं। जिस भी गर्भवती महिला का अल्ट्रासाउंड किया जाना है, क्लीनिक में उसकी रसीद काटी जाएगी। उसी रसीद के जरिए एक ओटीपी जेनरेट होगा, जिसके आधार पर महिला सरकार की ओर से इंपैनल्ड अस्पताल में अपना मुफ्त अल्ट्रासाउंड करा सकेगी। उन्होंने बताया कि इसके अलावा जब महिला की डिलीवरी की तारीख नजदीक आएगी, तो उसे सिविल अस्पताल या अन्य सरकारी अस्पतालों में स्पेशलिस्ट गायनाकोलॉजिस्ट की निगरानी में प्रसूति करानी होगी।


