जोधपुर पुलिस कमिश्नरेट के सदर थाना क्षेत्र में एक मोटर शोरूम में चोरी का मामला सामने आया है। इसको लेकर प्रबंधक की ओर से थाने में रिपोर्ट दी गई है। फिलहाल पुलिस मामला दर्ज कर जांच में जुटी हुई है। थाने में दी रिपोर्ट में हरीश परिहार निवासी उदय मंदिर ने बताया कि वह अरोरा मोटर्स शोरूम में प्रबंधक है। 6 अप्रैल को सारा काम करने के बाद शोरूम और वर्कशॉप बंद कर सभी घर चले गए थे। सोमवार 7 अप्रैल को सुबह जब 9 बजे के करीब उनका स्टाफ ऑफिस आया तब उन्होंने उन्हें फोन कर बताया कि केशियर ऑफिस के गल्ले के ताले टूटे हुए हैं और कागज और अन्य सामान बिखरा हुआ है। इस पर उन्होंने शोरूम संचालक को भी सूचना दी और ऑफिस जाकर देखा तो शोरूम के केश काउंटर से करीब 20 हजार रुपए और सर्विस काउंटर से 1500 रुपए अज्ञात चोर चोरी करके अपने साथ ले गए। सीसीटीवी फुटेज चेक करने पर अल सुबह दो जने ऑफिस में दो से तीन बजे के बीच में घुसते हुए और केश काउंटर के ताले तोड़ते हुए दिखाई दिए। इसकी फुटेज और वीडियो भी पुलिस को सौंप दी गई। घटना के बाद पुलिस की ओर से अब मामला दर्ज किया गया है।


