कटनी जिले के बड़वारा विकासखंड अंतर्गत बसाडी संकुल में अर्जित अवकाश के भुगतान में करोड़ों रुपए की हेराफेरी का गंभीर मामला सामने आया है। एक प्रधान अध्यापक के बेटे ने जिला कलेक्टर को लिखित शिकायत सौंपकर इस वित्तीय अनियमितता की उच्च-स्तरीय जांच की मांग की है। शासकीय प्राथमिक शाला बहेड़ीकला के दिवंगत प्रधान अध्यापक कुशल प्रसाद सिंह के बेटे राघवेंद्र सिंह ने मंगलवार को कलेक्ट कार्यालय पहुंचकर यह शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि उनके पिता की 21 अगस्त 2021 को आकस्मिक मौत हो गई थी। नियमानुसार, राघवेंद्र सिंह ने अपने पिता के अर्जित अवकाश की बकाया राशि के भुगतान के लिए बसाडी संकुल में आवेदन किया था। संकुल की ओर से पहले उनके आवेदन को ‘अपात्र’ बताकर खारिज कर दिया गया। शिक्षक ने नियम विरुद्ध बिल पास होने की शिकायत की शिकायत के बाद, 17 अक्टूबर को संकुल प्राचार्य की ओर से अर्जित अवकाश देने की अनुशंसा की गई। हालांकि, इसके बावजूद उन्हें फिर से अपात्र घोषित कर अर्जित अवकाश का लाभ नहीं दिया जा रहा है। राघवेंद्र सिंह ने इस मामले में सीएम हेल्पलाइन पर भी शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन उनके अनुसार उस पर गलत जानकारी देकर शिकायत बंद कर दी गई। राघवेंद्र सिंह ने अपनी शिकायत में दावा किया है कि बसाडी संकुल में अर्जित अवकाश के नाम पर करोड़ों रुपए की बड़ी गड़बड़ी की गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि 15 से 20 शिक्षकों के अर्जित अवकाश के बिल बिना किसी वरिष्ठ अधिकारी की अनुशंसा के नियम विरुद्ध तरीके से पास किए गए हैं। बेटे ने अधिकारियों पर FIR दर्ज कराने की मांग की शिकायत में यह भी कहा गया है कि पैरालाइज्ड शिक्षकों को भी अर्जित अवकाश की राशि प्रदान की गई है, जो नियमों के विरुद्ध है। शिकायतकर्ता ने इस पूरे मामले की गहन जांच की मांग की है। राघवेंद्र सिंह ने दावा किया है कि वह इन गंभीर अनियमितताओं को लेकर लगातार शिकायत कर रहे हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। उन्होंने कलेक्टर से इस करोड़ों रुपए के घोटाले की उच्च स्तरीय जांच करवाने और दोषी संकुल कर्मचारियों व अधिकारियों पर FIR दर्ज कराने की मांग की है। इस संबंध मे शिवमंगल सिंह बीईओ बड़वारा का कहना है कि यहां से बिल बनाकर भेज दिया गया है ट्रेजरी से आपत्ति आई है सक्षम अधिकारी की अनुसार सा मांगी गई है इस वजह से उनका अर्जित अवकाश की राशि रुकी हुई है।


