अलवर में जिला स्तरीय अंडर-19 क्रिकेट टीम के चयन को लेकर खिलाड़ियों और अभिभावकों ने भ्रष्टाचार और पक्षपात के गंभीर आरोप लगाए हैं। खिलाड़ियों का कहना है कि चयनकर्ताओं ने बेहतर प्रदर्शन करने वालों को नजरअंदाज कर अपने चहेते और परिचितों के बच्चों को प्राथमिकता दी है। सूरजमल उच्च माध्यमिक विद्यालय की टीम के कप्तान दीपक यादव ने बताया कि उसने तीन मैचों में 64 रन बनाए और दो विकेट लिए, फिर भी उसे स्टेट टीम की सूची में 23वें नंबर पर रखा गया। जबकि एक ऐसे खिलाड़ी को 16वां स्थान दे दिया गया, जिसने 20 से भी कम रन बनाए और एक भी विकेट नहीं लिया। दीपक ने चयन प्रक्रिया को पूरी तरह पक्षपातपूर्ण बताया। खराब प्रदर्शन वालों का सिलेक्शन इसी तरह, चिनार पब्लिक स्कूल के खिलाड़ी चिराग ने कहा कि उसने शानदार गेंदबाजी की, लेकिन उसका नाम चयन सूची से हटा दिया गया। चिराग के अनुसार, देसूला स्कूल के नदीम को 10वें नंबर पर और APS स्कूल के कालश को 19वें नंबर पर शामिल किया गया, जबकि उनका प्रदर्शन बेहद खराब रहा। खिलाड़ी वासु गॉड ने भी आरोप लगाया कि उसने ओपनिंग बल्लेबाज के रूप में बेहतर प्रदर्शन किया था, फिर भी उसकी जगह कमजोर प्रदर्शन करने वाले को शामिल कर लिया गया। निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग यह चयन सूची अलीमपुर बख्तल की चौकी रामगढ़ की तरफ से जारी की गई है। खिलाड़ियों और उनके अभिभावकों ने इस पर नाराजगी जताते हुए शिक्षा विभाग के कार्यालय पहुंचकर DO से निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की है।


