अलवर में प्लॉट को लेकर पड़ोसियों में लाठी-डंडे चले:5 घायल,कहा-आरोपियों ने फायरिंग भी की,प्लॉट को हथियाना चाहते

अरावली विहार थाना क्षेत्र के सामोला गांव में 66 वर्ग गज के प्लॉट को लेकर दो पक्षों में खूनी संघर्ष हो गया। इस झगड़े में एक ही परिवार के पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनका अलवर जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। विवाद रविवार दोपहर शुरू हुआ, जो सोमवार सुबह एक बार फिर हिंसक रूप ले बैठा। घायल मौसमदीन ने बताया कि करीब दो साल पहले उन्होंने अपने पड़ोसी जोमदीन से गांव की कच्ची बस्ती में स्थित 66 वर्ग गज का एक प्लॉट ₹5 लाख में खरीदा था। प्लॉट के कोई पक्के कागजात नहीं थे, सिर्फ कच्चे कागज पर लिखा पढ़ी की गई थी। आरोप है कि अब जोमदीन उस प्लॉट को जबरन वापस लेना चाहता है और पैसे लौटाने से भी इनकार कर रहा है। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में लंबे समय से कहासुनी चल रही थी। रविवार दोपहर मौसमदीन की पत्नी इमराना जब चारा डालने गई, तो वहां जोमदीन के परिजनों ने उसके साथ मारपीट की। बीच-बचाव करने पहुंचे छोटे भाई शाकिर के साथ भी मारपीट की गई। इसके बाद अरावली विहार थाने में शिकायत दी गई, लेकिन पीड़ितों का आरोप है कि पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। रविवार शाम को भी दोनों पक्षों में गाली-गलौज हुई। सोमवार सुबह करीब 7 बजे जब परिवार के लोग घर के बाहर अलाव सेक रहे थे, तभी जोमदीन (45), इब्रा (55), कुर्सेद (35), खुशी (40), वारिस (22), रिहान (21) और चार महिलाओं ने लाठी-डंडों व पत्थरों से हमला कर दिया। हमले में मौसमदीन (45) के सिर में गंभीर चोट आई, जिसके सिर में कई टांके लगे हैं। शाहाबदीन (25) के हाथ में, इमराना (24) के सिर व हाथ में, मेमुना के चेहरे पर और 15 वर्षीय भांजे को भी चोटें आई हैं। पीड़ित परिवार ने आरोप लगाया है कि हमलावरों ने लाठी-डंडों के साथ पत्थरों से हमला किया और फायरिंग भी की। घटना के बाद सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। — ये खबर भी पढ़ें अलवर में युवक को बेल्ट से पीटा,फिर घर पर छोड़ा:पीटते समय बोला- मैं किसी से नहीं डरता; परिवार ने सुबह संभाला तो मृत मिला अलवर में युवक को बेरहमी से बेल्ट से पीटा गया। इसके बाद आरोपी उसे घर के बाहर बने कमरे (बैठक) में पटककर भाग गए। सुबह जब परिवार ने उसे संभाला तो वह मृत मिला। युवक के साथ मारपीट का वीडियो सामने आया है, जिसमें 4-5 लोग दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में युवक (मृतक) बोल रहा है – “मैं किसी से नहीं डरता, चाहे तुम वीडियो बना लो।” (पूरी खबर पढ़ें)

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *