राजस्थान सरकार के वन राज्य मंत्री संजय शर्मा ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखकर चंबल एक्सप्रेस ट्रेन का हनुमानगढ़ तक विस्तार करने और राजधानी एक्सप्रेस ट्रेन के अलवर में ठहराव की मांग की है। चंबल एक्सप्रेस ट्रेन के मथुरा, गोवर्धन, अलवर, जयपुर, सीकर, गोगामेड़ी होकर हनुमानगढ़ तक विस्तार करने और स्वर्ण जयंती राजधानी एक्सप्रेस ट्रेन के अलवर जंक्शन पर ठहराव की मांग लंबे समय से चली आ रही है। परिवार कल्याण समिति अलवर के पूर्व अध्यक्ष भरत सिंह एवं अलवर रेल विकास संघर्ष समिति के अध्यक्ष कमलकांत ने बताया- अलवर जिले के लोगों की यह सालों पुरानी मांग है। ऐसा होने से अलवर के यात्रियों का बड़ा फायदा हो सकेगा। इसको लेकर पहले भी वन मंत्री को अवगत कराया गया है। अब वन मंत्री ने अलवर के लोगों की मांग को रेलवे मंत्री को भेजा है। चंबल एक्सप्रेस ट्रेन के विस्तार होने से गोवर्धन्, खाटूशयाम और गोगामेड़ी जाने वाले यात्रियों का जुड़ाव होगा। उनको अलवर से सहूलियत मिलेगी। इसकी बड़ी जरूरत है। अलवर जिले से तीनों जगह पर जाने के लिए रोजाना काफी संख्या में यात्री निकलते हैं। अलवर शहर की आबादी करीब 5 लाख से अधिक है। राजधानी एक्सप्रेस ट्रेन के अलवर ठहराव होने से बड़ी संख्या में लोगों को लाभ मिल सकेगा। जबकि यही ट्रेन अलवर से छोटे शहर फालना, मेहसाना, पालनपुर रुकती है। इस गाड़ी के ठहराव से आबूरोड, अहमदाबाद के लिए जाने वालों को सहूलियत मिल सकेगी।


