अलवर जिले के चांदोली गांव के पहाड़ों के बीच करीब 100 बीघा जमीन से आज सुबह 7 बजे अवैध अतिक्रमणों को ध्वस्त कर दिया गया। प्रशासन ने जमीन पर की गई चारदीवारी, होटलनुमा निर्माण, फार्म हाउस की चारदीवारी को 5 जेसीबी की मदद से मिट्टी में मिला दिया। इस दौरान एसडीएम, तहसीलदार, पटवारी समेत पुलिस के 40 जवान मौजूद रहे। ग्रामीणों ने बताया कि अलवर के विजय मंदिर थाना क्षेत्र के चांदोली गांव में यूपी निवासी बिलाल अली ने यहां करीब 30 बीघा जमीन खरीदी थी। उसने खरीदी हुई जमीन की आड़ में कई किसानों की जमीन पर कब्जा कर लिया। बिलाल अली ने यहां करीब 100 बीघा जमीन पर बड़ा फार्म हाउस बना लिया और उसकी चारदीवारी कर दी गई। होटलनुमा बड़ा निर्माण कर लिया ग्रामीणों ने बताया कि बिलाल अली ने बीच सड़क और उसके आसपास फार्म हाउस बना लिए और उनकी चार दीवारी तक कर दी थी। एक बड़ा होटलनुमा निर्माण भी कर लिया। जिसको लेकर प्रशासन से 8 महीने से लगातार शिकायत कर रहे थे। दबंग की जमीन के निर्माण भी तोड़े ग्रामीणों ने बताया कि पूर्व के अधिकारी टालमटोल रवैया अपनाते रहे, लेकिन मौजूदा SDM और अन्य अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लिया। आज सुबह कई थानों के पुलिस जाप्ते के साथ प्रशासन यहां पहुंचा और अतिक्रमणों पर बुलडोजर चलवा दिया, वहीं बिलाल अली की ओर से खुद की जमीन पर बनाए गए निर्माणों को भी ध्वस्त कर दिया। फर्जी डॉक्युमेंट्स बनवाए ग्रामीण मुबारिक ने कहा कि हम कार्रवाई से बहुत खुश हैं। बिलाल ने पूरे गांव को परेशान कर रखा था। यहां आए दिन बाहर के लोग आने शुरू हो गए थे। ये बड़े बदमाशों से भी जुड़ा था। यहां के कुछ लोग उसके झांसे में आते चले गए, इसने कई लोगों के फर्जी डॉक्युमेंट्स भी बनवा लिए थे। प्रशासन के सपोर्ट से कब्जे करता गया शौकीन ने कहा कि पुलिस और प्रशासन का इसको सपोर्ट मिलता गया और ये जमीनों पर कब्जा करता गया। अब प्रशासन ने अच्छा काम कर इसका सही इलाज कर दिया है। हम पूरी कार्रवाई से संतुष्ट हैं। शौकीन ने जमीन की पैमाइश कराकर कब्जा दिलाने की मांग की है। SDM माधव भारद्वाज ने कहा कि यहां एससी वर्ग की जमीन पर अतिक्रमण कर रखे थे, वहीं अवैध निर्माण भी काफी बड़े एरिया में कर लिया गया, इस पूरे अवैध निर्माण को ध्वस्त किया गया है। गांव वाले उठा ले गए सामान अतिक्रमण ध्वस्त की कार्रवाई के दौरान ग्रामीणों ने जब बिलाल अली से बात की तो उसने मौके पर आने से मना कर दिया, जिसके बाद ग्रामीण यहां से एलईडी, कुर्सी, कूलर और चारपाई समेत अन्य सामान उठा ले गए।


