अलवर के कोतवाली थाना क्षेत्र से एक 15 वर्षीय नाबालिग किशोरी के लापता होने का मामला सामने आया है। किशोरी के परिजनों ने एक युवक पर उसे बहला-फुसलाकर ले जाने का संदेह जताया है। मामले में कोतवाली थाना पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। 15 लाख के जेवर और परिजनों का मोबाइल गायब घटना 9 फरवरी 2026 रात की है। परिजन रात को खाना खाने के बाद अपने-अपने कमरों में सो गए थे। देर रात करीब 2 बजे परिजनों की नींद खुली तो किशोरी अपने कमरे में नहीं मिली। इसके साथ ही घर में रखे सोने-चांदी के आभूषण, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 15 लाख रुपए बताई जा रही है, वे भी गायब पाए गए। परिजनों ने पुलिस को बताया कि करीब एक से डेढ़ महीने पहले एक युवक, जो बाहर के क्षेत्र का रहने वाला है, जो कुछ समय से अलवर के पास किराये पर रह रहा था, वह किशोरी को अपने प्रभाव में लेकर रात में घर आया था। उस समय परिजन जाग गए और युवक दीवार कूदकर फरार हो गया था। परिजनों ने किशोरी के लापता होने में उसी युवक पर शक जताया है। परिजनों ने पुलिस को बताया कि किशोरी जाते समय एक परिजन का मोबाइल भी साथ ले गई है। पुलिस ने संबंधित मोबाइल नंबर को ट्रेसिंग पर लगा दिया है। परिजनों ने कहा कि उन्होंने किशोरी को अपने स्तर पर ढूंढने की कोशिश की, नहीं मिलने पर रिपोर्ट दर्ज करवाई गई।


