जालंधर | एपीजे इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड इंजीनियरिंग में लोहड़ी का पारंपरिक उत्सव बड़े उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर संस्थान के फैकल्टी सदस्यों एवं विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान संस्थान के निदेशक डॉ. राजेश बग्गा ने कहा कि ऐसे पारंपरिक पर्व हमें अपनी जड़ों से जोड़ते हैं, सकारात्मकता का संचार करते हैं और संस्थान में सौहार्द व आपसी सहयोग की भावना को सुदृढ़ करते हैं। इस अवसर पर पारंपरिक अग्नि प्रज्वलित की गई, जिसमें रेवड़ी, गच्चक, मूंगफली एवं पॉपकॉर्न अर्पित किए गए। यह अनुष्ठान समृद्धि, शांति और नए आरंभ का प्रतीक रहा। कार्यक्रम के दौरान लोक संगीत एवं पारंपरिक नृत्य की प्रस्तुतियों ने उत्सव की शोभा बढ़ाई और परिसर को आनंदमय वातावरण से भर दिया।


