अलीगढ़ में मालगाड़ी के डिब्बे पटरी से उतरी:हरदुआगंज रेलवे स्टेशन और यार्ड के बीच उतरे 3 डिब्बे, अलीगढ़-बरेली रूट 9 घंटे रहा बाधित

अलीगढ़ में सोमवार को बरेली की ओर से आ रही एक मालगाड़ी के डिब्बे पटरी से उतर गए। हरदुआगंज रेलवे स्टेशन और यार्ड के बीच यह हादसा हुआ और मालगाड़ी के 3 डिब्बे पटरी के नीचे उतर गए। रेलवे अधिकारियों को जब मामले की जानकारी हुई तो वह तुरंत मौके पर पहुंच गए। जिसके बाद उन्हें बताया गया कि शंटिंग स्टाफ मालगाड़ी को सीडी साइडिंग की ओर लेकर जा रहा था। इसी दौरान मालगाड़ी के ब्रेक कोच से 10, 13 और 14 नंबर का डिब्बा पटरी से उतर गया। जिसके बाद मालगाड़ी को मौके पर ही रोकना पड़ा। बरेली से आ रही थी खाली मालगाड़ी रेलवे के अनुसार एक खाली मालगाड़ी सोमवार सुबह 9:30 बजे के आसपास बरेली की ओर से आ रही थी। यह हरदुआगंज स्टेशन के पास पहुंची थी, तभी इसके तीन डिब्बे पटरी से उतर गए थे। पटरी से डिब्बे उतरने के कारण रेलवे ट्रैक बाधित हो गया और बरेली की ओर जाने वाली ट्रेनों को रोकना पड़ा। घटना की जानकारी मिलने पर पहुंचे रेल अधिकारियों ने मालगाड़ी को पहले मौके से रवाना किया और फिर डिब्बों को पटरी पर चढ़ाने का काम शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद डिब्बों को पटरी पर चढ़ाया जा सका और रेलवे ट्रैक को मरम्मत करके इसे शुरू कराया गया। लगभग 9 घंटे तक बरेली रूट बंद रहा और इस रूट पर आने जाने वाली ट्रेनें लेट हुई। टूंडला से बुलाई गई एक्सीडेंट रिलीफ ट्रेन मालगाड़ी के पटरी से उतरने के बाद टूंडला से एक्सीडेंट रिलीफ ट्रेन को बुलाया गया। इसके साथ ही क्रेन भी मौके पर पहुंची। एक्सीडेंट रिलीफ ट्रेन और क्रेन की मदद से मालगाड़ी के डिब्बों को पटरी पर चढ़ाया गया। पटरी पर चढ़ने के बाद डिब्बों को मालगाड़ी से वापस जोड़ा गया और आगे के लिए रवाना किया गया। एनसीआर प्रयागराज के पीआरओ अमित कुमार सिंह ने बताया कि शंटिंग के दौरान मालगाड़ी के डिब्बे पटरी से उतर गए थे। मालगाड़ी खाली थी, जिसके कारण ज्यादा परेशानी नहीं हुई। 7 सदस्यीय टीम ने मामले की जांच की है, जो रिपोर्ट भेजेगी। जिसके आधार पर यह पता चलेगा कि लापरवाही किसकी रही। लापरवाही करने वाले कर्मचारियों पर कार्रवाई की जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *