अलीराजपुर कलेक्टर नीतू माथुर ने मंगलवार को जिला मुख्यालय स्थित तीन आंगनबाड़ी केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। बच्चों की अनुपस्थिति पाए जाने पर उन्होंने तीनों आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को पद से हटाने के निर्देश दिए। संबंधित सुपरवाइजर को भी निलंबित कर दिया गया है। यह कार्रवाई वार्ड क्रमांक 2 और 3 में स्थित आंगनबाड़ी केंद्रों पर की गई। निरीक्षण के दौरान किसी भी केंद्र पर बच्चे उपस्थित नहीं मिले, जिसके बाद कलेक्टर ने यह सख्त कदम उठाया। कलेक्टर माथुर ने बताया कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं और समूह की जिम्मेदारी बच्चों की उपस्थिति सुनिश्चित करना है, लेकिन इसमें घोर लापरवाही बरती गई। उन्होंने कहा कि सुपरवाइजर की भी जिम्मेदारी बनती है, और उनकी लापरवाही भी सामने आई है। उन्होंने यह भी बताया कि जिले में ‘मुस्कान सेतु अभियान’ के तहत लगातार निगरानी की जा रही है। भोजन और अन्य सुविधाओं की निगरानी वीडियो कॉल के माध्यम से भी की जा रही है। कलेक्टर ने चेतावनी दी कि भविष्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही सामने आने पर तत्काल सख्त कार्रवाई की जाएगी।


