पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा ने सोमवार को एक ट्वीट कर भजनलाल सरकार पर तंज सका। डोटसरा ने मंत्री अविनाश गहलोत का एक वीडियो शेयर कर लिखा कि अब तो खुद सरकार के मंत्री कह रहे हैं कि भाजपा सरकार पर्ची से चलती है। वीडियो में कैबिनेट मंत्री अविनाश गहलोत मंच से पर्ची से सरकार चलने की बात भी कह रहे हैं। दरअसल रविवार को बसंत पंचमी के मौके पर मंत्री अविनाश गहलोत अपने विधानसभा क्षेत्र जैतारण के गांव लांबिया में जयमल जैन रा.उ.मा. विद्यालय पहुंचे थे। यहां उन्होंने सरस्वती मंदिर व विकास कार्यों का उद्घाटन किया था। इसी दौरान सभा में उन्होंने यह बात कही। पीसीसी चीफ ने यह ट्वीट किया था विपक्ष कर रहा सोशल मीडिया पर ट्रोल डोटासरा के तंज पर अविनाश गहलोत ने सफाई दी। उन्होंने कहा विपक्ष सोशल मीडिया पर ट्रोल कर रहा है। मैं कल (रविवार) अपने क्षेत्र में लांबिया गांव गया था। गांव वालों में उत्साह था। मुझे घोड़े पर बैठाकर सभा स्थल लेकर गए। वहां सभा हुई। सभा के दौरान एक व्यक्ति किसी काम को लेकर एक पर्ची लेकर मंच पर आया था। मैंने मजाक में पूछा- क्या पर्ची लेकर आए हो। उसने कहा- हां पर्ची लेकर आया हूं। इस दौरान मैंने विपक्ष पर कटाक्ष करते हुए कहा- वे (विपक्षी) कहते हैं कि भजनलाल शर्मा की सरकार पर्ची से चल रही है तो चलो आप भी हमें पर्ची दे दो, हम आपका काम कर देंगे। इसे तोड़-मरोड़कर पेश किया जा रहा है।


