नारायणपुर | जिला स्तरीय खनिज टास्क फोर्स की बैठक बुधवार को कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाईं की अध्यक्षता में आयोजित की गई, जिसमें जिले में हो रहे अवैध उत्खनन, खनिज परिवहन और भंडारण को रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने पर जोर दिया गया। बैठक में खनिज अधिकारी द्वारा जिले में हो रही अवैध गतिविधियों और उनके विरुद्ध चलाये जा रहे अभियानों की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की गई, जिस पर कलेक्टर ने गंभीरता दिखाते हुए अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। बैठक में रॉयल्टी चुकता प्रमाण पत्र, खनिज जांच चौकियों की स्थापना और मुरूम परिवहन जैसे अहम विषयों पर भी चर्चा की गई, ताकि खनिज संपदा के दुरुपयोग को रोका जा सके। कलेक्टर ने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि वे अवैध उत्खनन पर निगरानी बढ़ाएं, खनिज संपदा के सुव्यवस्थित उपयोग पर ध्यान दें और आवश्यकतानुसार सख्त कार्रवाई करें। बैठक में जिला पंचायत सीईओ आकांक्षा शिक्षा खलखो, डीएफओ आदि मौजूद थे।


