बलरामपुर जिले के राजपुर विकासखंड के भेस्की गांव में स्थित महामाया गिट्टी क्रशर प्लांट को प्रशासन ने सील कर दिया है। प्लांट के खिलाफ ग्रामीणों द्वारा लगातार शिकायतें की जा रही थीं। कलेक्टर के निर्देश पर एसडीएम राजपुर के नेतृत्व में राजस्व और खनिज विभाग की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। जांच में पाया गया कि क्रशर प्लांट शासन के निर्धारित मानक मापदंडों का पालन नहीं कर रहा था। इससे राजस्व को नुकसान पहुंच रहा था। अवैध खनन और परिवहन पर प्रशासन की सख्ती जारी वर्तमान में जिला प्रशासन अवैध खनन और गिट्टी-कोयला परिवहन पर विशेष नजर रख रहा है। बिना वैध दस्तावेजों के परिवहन कर रहे वाहनों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। कई वाहनों पर कार्रवाई भी की जा चुकी है। संयुक्त टीम की मौजूदगी में हुई कार्रवाई प्रशासन की यह कार्रवाई कलेक्टर के विशेष निर्देश पर की गई है। अधिकारियों का कहना है कि अवैध खनन और परिवहन पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।


