अवैध खनन माफियाओं का दुस्साहस:जांच दल पर किया पथराव, एसपी बोले- दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा

नागौर जिले के मूंडवा उपखण्ड के निकटवर्ती बू-नरावता गांव में शुक्रवार को अवैध खनन माफियाओं के हौसले बुलंद नजर आए। क्षेत्र में अवैध रूप से हो रहे चिनाई पत्थर के खनन पर कार्रवाई करने पहुंची राजस्व, खनिज और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम पर खननकर्ताओं ने जमकर पथराव किया। माफियाओं ने न केवल टीम पर हमला किया, बल्कि एक कैंपर गाड़ी से सरकारी वाहन को भी जोरदार टक्कर मारी। ​टीम को देख भागे, फिर हमला किया ​शुक्रवार दोपहर करीब 1:30 बजे तहसीलदार बुधाराम सोहू, खनिज फोरमैन प्रेमसुख और हेड कांस्टेबल प्रेमप्रकाश के नेतृत्व में टीम मौके पर पहुंची थी। शुरुआती कार्रवाई के दौरान टीम को देखकर खननकर्ता वहां से भाग निकले, जिसके बाद तहसीलदार जायजा लेकर रवाना हो गए। हालांकि, करीब पौने तीन बजे बड़ी संख्या में लोग गाड़ियों के साथ वापस लौटे और वहां मौजूद खनिज व पुलिस के जवानों पर अचानक पत्थरों से हमला बोल दिया। ​भारी पुलिस जाब्ता तैनात, मशीनें और वाहन जब्त ​हमले की सूचना मिलते ही एसडीएम और सीआई सुरेश चौधरी भारी पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए घटनास्थल से एक डंपर, एक जेसीबी और 9 मोटरसाइकिलें जब्त की है। एसपी ने स्वयं संभाली कमान ​घटना की गंभीरता को देखते हुए जिले के पुलिस अधीक्षक (SP) ने मामले की स्वयं मॉनिटरिंग शुरू कर दी है। एसपी ने बताया कि राज्य कर्मचारियों पर हमला और सरकारी कार्य में बाधा डालना एक अक्षम्य अपराध है। उन्होंने कहा, “हम इस मामले को बेहद गंभीरता से ले रहे हैं। दोषियों के खिलाफ पुख्ता और सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस विभाग और माइनिंग विभाग मिलकर इस नेटवर्क को ध्वस्त करेंगे।” ​जल्द होगी गिरफ्तारियां ​फिलहाल इस मामले में अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है, लेकिन पुलिस ने आरोपियों को चिन्हित कर लिया है और उनकी धरपकड़ के लिए दबिश दी जा रही है। एसपी ने आश्वस्त किया कि जल्द ही सभी आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होंगे। ​संयुक्त टीम का होगा गठन ​बावड़ी, खींवसर और पांचोड़ी जैसे क्षेत्रों में अवैध खनन की लगातार मिल रही शिकायतों पर एसपी ने बताया कि जिला कलेक्टर की अध्यक्षता में हुई बैठक में एक संयुक्त टीम (SIT) गठित करने का निर्णय लिया गया है। इस टीम में: ​राजस्व विभाग (Revenue) ​खनन विभाग (Mining) ​परिवहन विभाग (Transport) ​पुलिस विभाग ​वन विभाग (Forest) ​के अधिकारी शामिल होंगे। यह टीम जिले के उन सभी हॉटस्पॉट पर प्रभावी कार्रवाई करेगी जहां अवैध माइनिंग की शिकायतें मिल रही हैं। पुलिस का स्पष्ट संदेश है कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों पर कड़ी नकेल कसी जाएगी। ​2500 बीघा क्षेत्र में फैला है अवैध कारोबार ​’भास्कर पड़ताल’ के अनुसार, ग्वालू और बू-नरावता क्षेत्र की लगभग 2500 बीघा से अधिक भूमि पर लंबे समय से चिनाई पत्थर का अवैध खनन धड़ल्ले से जारी है। माफियाओं ने खनन कार्य के लिए अवैध बिजली लाइनें बिछाकर बिजली चोरी का जाल भी फैला रखा है। इस अवैध कारोबार से आसपास के करीब 10 गांवों की जमीनें प्रभावित हो रही हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *