अवैध खनन रोकने के लिए क्षेत्र में करेंगे कैंपिंग:कलेक्टर-एसपी ने अलीपुर, आदिबद्री; अडावली वन क्षेत्रों का किया सघन निरीक्षण

जिले में अवैध खनन गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने और वन संपदा के संरक्षण के लिए मंगलवार को जिला कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट उत्सव कौशल और जिला पुलिस अधीक्षक ओम प्रकाश मीना ने संयुक्त रूप से अतिसंवेदनशील खनन क्षेत्रों अलीपुर, आदिबद्री और अडावली का औचक निरीक्षण किया। इस संयुक्त कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य वन क्षेत्रों में अवैध खनन के रास्तों को पूरी तरह अवरुद्ध करना और क्षेत्र में प्रशासनिक उपस्थिति को मजबूत करना था। निरीक्षण के दौरान, जिला कलेक्टर कौशल ने अडावली वन क्षेत्र में अवैध खनन परिवहन के लिए उपयोग किए जा रहे रास्तों को चिह्नित किया। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों को जेसीबी की मदद से इन अवैध रास्तों को काटकर गहरी खाइयां खुदवाने के निर्देश दिए, ताकि वाहनों का आवागमन पूरी तरह असंभव हो सके। क्षेत्र में निरंतर निगरानी सुनिश्चित करने के लिए जिला कलेक्टर ने आरएसी की टीम को अडावली क्षेत्र में ही कैंपिंग करने के निर्देश दिए, जिससे 24 घंटे निगरानी रखी जा सके। वन भूमि पर अतिक्रमण की संभावनाओं को देखते हुए, जिला कलेक्टर ने राजस्व विभाग और वन विभाग के अधिकारियों को ‘संयुक्त सर्वे’ करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि दोनों विभाग आपसी समन्वय से सीमांकन की कार्यवाही करें और यदि कोई अतिक्रमण पाया जाता है, तो उसे तत्काल प्रभाव से हटाया जाए। जिला कलेक्टर ने वन क्षेत्रों में नियमित गश्त सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए और कहा कि खनन माफिया की गतिविधियां किसी भी स्तर पर स्वीकार्य नहीं होंगी। उन्होंने राजस्व और वन विभाग को संयुक्त सर्वे कर अतिक्रमण और अवैध रास्तों का स्थायी समाधान करने के निर्देश दिए। नियमित गश्त और मॉनिटरिंग जिला पुलिस अधीक्षक ओम प्रकाश मीना ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए आरएसी और वन विभाग के अधिकारियों को खनन प्रभावित क्षेत्रों में नियमित गश्त सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। प्रशासन ने स्पष्ट संदेश दिया है कि अवैध खननकर्ताओं के विरुद्ध कठोरतम विधिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। ये रहे उपस्थित इस दौरान वन विभाग के एसीएफ सुरेश, पुलिस विभाग व राजस्व विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *