अवैध खनन से 200 मकानों में दरारें, 40 कुएं धंसे:26 दिन से धरने परे बैठे लोग बोले-कलेक्टर ने ज्ञापन लौटा दिया; सदबुद्धि यज्ञ करेंगे

झुंझुनूं में अवैध खनन से 200 मकानों में दरारें आ गई हैं और 40 कुएं धंस गए हैं। यह दावा है गुढागौड़जी के गांव हुकुमपुरा, बामलास, खेदड़ों की ढाणी और खरबासों की ढाणी के लोगों का। जो अवैध खनन के खिलाफ 26 दिन से धरने पर बैठे हैं। लोगों का आरोप है कि जिला कलेक्टर अरुण गर्ग ने उनके साथ बदसलूकी की और ज्ञापन लौटा दिया। अब हम सदबुद्धि यज्ञ करेंगे। धरने का नेतृत्व कर रहे एडवोकेट जयंत मूंड ने कहा- अवैध खनन के खिलाफ गांव वाले कड़ाके की ठंड-बरसात में धरने पर हैं। बुजुर्ग और महिलाएं भी शामिल हैं। हमारी मांगों पर प्रशासन ध्यान नहीं दे रहा है। इससे आक्रोश बढ़ रहा है। ‘कलेक्टर ने लौटाया ज्ञापन, बदसलूकी की’ जयंत मूंड ने कहा- गांव वालों की संघर्ष कमेटी ने जिला कलेक्टर अरुण गर्ग से चौथी बार मुलाकात की। कलेक्टर को अपनी तकलीफ बता रहे थे। लेकिन कलेक्टर ने संवेदनशीलता दिखाने के बजाय ग्रामीणों के साथ बदसलूकी की और उनका ज्ञापन वापस कर दिया। इस बर्ताव के बाद भाजपा जिलाध्यक्ष हर्षिणी कुल्हरी को पूरा घटनाक्रम बताया है। हम अपने हक की लड़ाई लड़ रहे हैं, लेकिन अधिकारी सुनने को तैयार नहीं हैं। अब हम प्रशासन को जगाने के लिए सदबुद्धि यज्ञ करेंगे। 200 मकानों में दरारें, 40 कुएं धंसे ग्रामीणों ने बताया- अवैध खनन और भारी ब्लास्टिंग के कारण क्षेत्र के 200 से अधिक मकानों में बड़ी-बड़ी दरारें आ चुकी हैं। कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। ब्लास्टिंग के कारण 40 से ज्यादा कुएं धंस चुके हैं। खेती और पीने के पानी का संकट खड़ा हो गया है। पर्यावरण भी बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। धरने पर बैठे कैप्टन विनोद सिंह ने बताया- हम शांतिपूर्ण तरीके से लड़ रहे हैं। कोई उपद्रव नहीं कर रहे, अपने अधिकार मांग रहे हैं। गणतंत्र दिवस पर धरना स्थल पर ही तिरंगा फहराएंगे। सांस्कृतिक कार्यक्रम भी करेंगे। इसके लिए हर घर तिरंगा अभियान के तहत झंडे बांटे जा रहे हैं। शुक्रवार को धरने का 26वां दिन है। धरने पर लीलाधर मीणा (बामलास), प्रदीप यादव, रामजीलाल सोहु, पूर्ण सिंह मेघवाल, नितेश बिजारणियां और हरिराम सिथल मौजूद रहे। इसी तरह राजबाला मीणा, सिलोचना देवी, जीवनी देवी, राकेश देवी, गीता देवी, बसंती देवी और मोनम कुमावत सहित बड़ी तादाद में महिलाएं है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *