भास्कर न्यूज | जांजगीर पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडे ने एसपी कार्यालय, जांजगीर के सभा कक्ष में जिले के सभी थाना और चौकी प्रभारियों की अपराध समीक्षा बैठक ली। बैठक का उद्देश्य वर्ष 2026 के वर्क प्लान के तहत सूचना तंत्र मजबूत करना और अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित करना था। बैठक में पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने निर्देश दिया कि थाना और चौकी स्तर पर निगरानी और रिपोर्टिंग प्रणाली और मजबूत की जाए। इससे अपराधों की पहचान तेजी से होगी और फरार अपराधियों को पकड़ने में भी मदद मिलेगी। अवैध गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई पर विशेष जोर दिया गया। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि डीजल चोरी, अवैध शराब, गांजा और अन्य नशीले पदार्थों की तस्करी तथा जुआ-सट्टा जैसी गतिविधियों को किसी भी स्थिति में सहन नहीं किया जाएगा। थाना और चौकी प्रभारियों को अपने क्षेत्रों में सक्रिय अपराधियों की पहचान कर प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों पर कड़ी निगरानी रखने और जरूरत पड़ने पर तुरंत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए गए। पुलिस अधिकारियों से कहा गया कि वे आम नागरिकों से सहयोग लें और उनकी दी गई सूचना पर प्राथमिकता से कार्रवाई करें। पुलिस अधीक्षक ने सामुदायिक पुलिसिंग पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि जन जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को अवैध गतिविधियों के खतरों और पुलिस से संपर्क के सही माध्यमों के बारे में जानकारी दी जाए। इससे सूचना तंत्र मजबूत होगा और जनता में पुलिस के प्रति विश्वास भी बढ़ेगा। बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जांजगीर उमेश कुमार कश्यप, डीएसपी मुख्यालय विजय पैकरा, एसडीओपी अकलतरा प्रदीप कुमार सोरी, सीएसपी जांजगीर योगिताबाली खापर्डे, रक्षित निरीक्षक प्रदीप कुमार जोशी, स्टेनो राजेंद्र श्रीवास्तव, रीडर अश्वनी राठौर, स्थापना प्रभारी कृष्ण साहू और जिले के सभी थाना-चौकी प्रभारी उपस्थित रहे।


