अवैध धान का परिवहन, 10 वाहन जब्त, 4 बिचौलियों पर अपराध दर्ज

भास्कर न्यूज | राजनांदगांव धान खरीदी के अंतिम दौर में कोचियों व बिचौलियों द्वारा अवैध धान खपाने की कोशिश नाकाम की गई है। कलेक्टर जितेंद्र यादव के निर्देश पर सीमावर्ती क्षेत्र में 24 घंटे निगरानी रखी जा रही है। इसके परिणाम स्वरूप पिछले दिनों में बड़ी कार्रवाई करते हुए कुल 10 वाहन और भारी मात्रा में अवैध धान जब्त किया गया है। प्रशासनिक टीम ने पाटेकोहरा बैरियर और विभिन्न चेक पोस्ट पर सख्त कार्रवाई की है। इसमें 6 बड़े ट्रक पाटेकोहरा बॉर्डर पर और 4 छोटे पिकअप वाहन अन्य चेक पोस्ट पर अवैध धान परिवहन करते हुए पाए गए। रानी तालाब और पाटेकोहरा के मध्य एनएच 53 पर चेकिंग के दौरान महाराष्ट्र की ओर से आ रहे छह ट्रकों को पकड़ा गया। कार्रवाई के दौरान लगभग 845 क्विंटल धान जब्त किया है। इस मामले में संगठित रूप से बार-बार धान खपाने वाले 10 आरोपियों के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की धारा 3 व 7 के तहत मामला दर्ज किया गया है। इसमें मुख्य रूप से आमगांव के ओम गुप्ता, नितिन अग्रवाल, पंकज अग्रवाल व डोंगरगढ़ के विष्णु अग्रवाल शामिल हैं। इनमें एक बिचौलिए की गिरफ्तारी की गई है। कलेक्टर यादव ने सभी सीमावर्ती चेक पोस्ट और नाकों पर 24 घंटे कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी है कि कोचियों व बिचौलियों के किसी भी अवैध प्रयास पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *