शहर में अवैध निर्माण और भवन नियमों के उल्लंघन के खिलाफ रांची नगर निगम द्वारा चलाए जा रहे सघन जांच अभियान में कई भवनों पर कार्रवाई की गई है। प्रशासक के निर्देश पर डेडिकेटेड रोड मैनेजमेंट टीम (डीआरएमटी) ने एचबी रोड, सर्कुलर रोड, मेन रोड तथा बिरसा चौक से हिनू चौक तक स्थित व्यावसायिक और आवासीय भवनों का निरीक्षण किया। जांच के दौरान स्वीकृत नक्शे से अधिक निर्माण, सेटबैक एरिया का अतिक्रमण और वैधानिक दस्तावेजों में विसंगतियां पाई गईं। संबंधित भवन मालिकों को नोटिस जारी करते हुए तीन दिनों के भीतर सभी कागजात प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया है। नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ झारखंड भवन उपविधि, 2016 के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी। नागरिकों से अपील की है कि बिना नक्शा पास कराए कोई भी निर्माण न करें। इन भवनों पर हुई कार्रवाई : एचबी रोड स्थित होटल राज, श्री दुर्गा टावर और काली टावर को नोटिस जारी किया गया। सर्कुलर रोड पर इंडसइंड भवन एवं एसबीआई लालपुर से दस्तावेज मांगे गए। मेन रोड के पंचर| गैलेरिया और विशाल मेगा मार्ट भवन को भी जांच में पाई गई विसंगतियों के आधार पर नोटिस दिया गया। तीन दिनों में दस्तावेज नहीं देने पर झारखंड भवन उपविधि, 2016 के तहत सख्त कार्रवाई, सीलिंग और दंडात्मक प्रक्रिया शुरू की जा सकती है।


