धौलपुर पुलिस ने अवैध खनन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। आंगई थाना पुलिस ने रहरई गांव के जंगल से अवैध पत्थर से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली और एक हाइड्रा मशीन जब्त की है। पुलिस ने मौके से हाइड्रा मशीन के ड्राइवर रामबुज (48) पुत्र रामरतन निवासी तरवा, थाना आंगई, जिला धौलपुर को गिरफ्तार किया है। हालांकि, ट्रैक्टर ड्राइवर अंधेरे और ऊबड़-खाबड़ जमीन का फायदा उठाकर फरार होने में सफल रहा। पुलिस ने उसका पीछा भी किया, लेकिन वह हाथ नहीं आया। जिला पुलिस अधीक्षक धौलपुर के निर्देशानुसार चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। आंगई थानाधिकारी उपनिरीक्षक कृपाल सिंह के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया था, जिसमें हेड कॉन्स्टेबल राकेश कुमार भी शामिल थे। गश्त के दौरान डीएसटी प्रभारी सहायक उपनिरीक्षक प्रेमसिंह की सूचना पर पुलिस टीम ने रहरई गांव के जंगल में हाइड्रा मशीन से ट्रैक्टर-ट्रॉली में अवैध पत्थर भरते हुए रंगे हाथों पकड़ा। जब्त की गई सामग्री में अवैध पत्थर से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली और हाइड्रा मशीन शामिल हैं। पुलिस ने हाइड्रा मशीन और ट्रैक्टर-ट्रॉली को धारा 303(2) बीएनएस, 41, 42 फॉरेस्ट एक्ट और 4/25 एमएमडीआर एक्ट के तहत जब्त कर लिया है। इस संबंध में थाना आंगई में मामला दर्ज कर आगे की जांच जारी है।


