राजस्थान पुलिस मुख्यालय की सतर्कता शाखा ने बजरी के अवैध खनन, परिवहन और भंडारण पर लगाम कसने के लिए 18 और 19 दिसंबर को राज्यभर में डिकॉय ऑपरेशन चलाया। इस कार्रवाई में लापरवाही बरतने पर 5 थानाधिकारी निलंबित कर दिए गए हैं। निलंबित अधिकारियों में जयपुर दक्षिण के शिवदासपुरा, टोंक के पीपलू और बरौनी, अजमेर के पीसांगन तथा धौलपुर कोतवाली के थानाधिकारी शामिल हैं। वहीं भीलवाड़ा, कोटा शहर, दौसा, चित्तौड़गढ़ और जोधपुर पश्चिम के कुल छह थानों के अधिकारियों को लाइन हाजिर कर विभागीय जांच के आदेश दिए गए हैं। डिकॉय ऑपरेशन में 11 थानों के 15 पुलिसकर्मी भी दोषी पाए गए हैं। इन पर अनुशासनात्मक कार्रवाई शुरू की गई है। पुलिस मुख्यालय ने स्पष्ट किया है कि बजरी के अवैध कारोबार में किसी भी स्तर की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कार्रवाई की मॉनिटरिंग सीधे डीजीपी कार्यालय स्तर पर की जा रही है।


