अलवर शहर के अरावली विहार थाना पुलिस और अखैपुरा थाना पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर अवैध बजरी पर कार्रवाही करते हुए दो अवैध बजरी से भरे ट्रेक्टरों को जब्त किया है। जब्ती कर खनन विभाग को सूचित किया, जिसके बाद दोनों मामलों में सवा-सवा लाख रुपये की पेनल्टी लगाई गई है। अरावली विहार थानेदार प्रभारी रामेश्वर ने बताया कि रात्रि गश्त के दौरान एएसआई शंकर लाल को सूचना मिली थी कि मालवीय नगर की ओर से एक ट्रैक्टर बजरी भरकर आ रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और ट्रैक्टर को रोककर जांच की गई। जब चालक से बजरी से संबंधित वैध कागजात मांगे गए तो वह कोई भी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इस पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए ट्रैक्टर को जब्त कर लिया और खनन विभाग को सूचना दी। खनन विभाग द्वारा मामले की जांच के बाद सवा लाख रुपये की पेनल्टी निर्धारित की गई। वहीं अखैपुरा थाना पुलिस ने भी अवैध बजरी परिवहन के एक अन्य मामले में कार्रवाई करते हुए ट्रैक्टर को जब्त किया। इस प्रकरण में भी खनन विभाग ने नियमानुसार सवा लाख रुपये की पेनल्टी लगाई है। पुलिस अधिकारियों ने दो दिन पहले ही अवैध खनन के खिलाफ प्रेस नोट जारी कर कार्यवाही की बात कही थी। कहा था पर्यावरण को नुकसान पहुंचाने और सरकारी राजस्व को क्षति पहुंचाने वालों के खिलाफ लगातार अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई की जाएगी।


