सोशल मीडिया पर शेयर किए गए एक वीडियो पर संज्ञान लेकर डीग जिला एसपी ने चौकी इंचार्ज को लाइन हाजिर कर दिया है। आरोप है कि वीडियो में चौकी इंचार्ज समेत पुलिसकर्मी अवैध वसूली की रकम का हिसाब-किताब करते नजर आ रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद डीग एसपी राजेश मीणा ने बताया- बुधवार रात वीडियो संज्ञान में आया। इसके बाद बहज चौकी इंचार्ज प्रेम चंद शर्मा को लाइन हाजिर कर दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। सोशल मीडिया पर लगाए जा रहे अवैध वसूली के आरोप सोशल मीडिया पर शेयर वीडियो के जरिए बहज चौकी इंचार्ज व पुलिसकर्मियों पर अवैध वसूली के आरोप लगाए गए हैं। आरोपों के अनुसार- डीग थाना इलाके में बहज चौकी है। इसका बॉर्डर उत्तर प्रदेश से सटा हुआ है। चौकी के सामने से दिन-रात वाहन गुजरते हैं। बहज चौकी क्रॉस करके बजरी से भरे वाहन उत्तर प्रदेश की सीमा में प्रवेश करते हैं। आरोप है कि इन्हीं वाहनों से अवैध वसूली की जाती है। सामने आए वीडियो में कथित तौर पर कुछ पुलिसकर्मी अवैध वसूली की रकम का हिसाब करते हुए दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में हाथों में पैसे दिखाई दे रहे हैं। कुछ लोग नोट गिन रहे हैं। साथ ही वीडियो में दिखाई देने वाले पुलिसकर्मी बजरी से लोड वाहनों का जिक्र कर रहे हैं। इस वीडियो के सामने आने के बाद SP राजेश मीणा ने चौकी इंचार्ज को पुलिस लाइन भेज दिया है। वीडियो कब का है यह अभी साफ नहीं हो पाया है। वीडियो रुपयों को लेकर कथित तौर पर पुलिसकर्मी बात कर रहे हैं। एक कह रहा है- यह 6 हजार 500 रुपए हैं। 13 गाड़ियां हैं उसके यह 6 हजार 5 सौ रुपए हैं। एक बजरी की गाड़ी 5 सौ रुपए की निकली। इसमें से दूध के 180 रुपए दे दिए हैं। हमारे पास सूचना आई थी 26 बजरी से भरे वाहन आ रहे हैं। जिसके बाद दूसरा कहता है- अभी तक 17 गाड़ियां आई हैं, अभी 9 गाड़ियां आना बाकी है। बाकी गाड़ियां किसी न किसी की ड्यूटी में तो आएंगी। वीडियो एक व्यक्ति पैसे गिनता भी दिखाई दे रहा है।


