पश्चिम मध्य रेलवे के कोटा मंडल ने कोटा–झालावाड़ सिटी–अकलेरा रेल खंड पर सघन टिकट जांच अभियान चलाया। इस दौरान बिना टिकट यात्रा और अवैध वेंडिंग के कुल 134 मामले सामने आए, जिनसे 39,690 रुपए का जुर्माना वसूला गया। यह अभियान यात्रियों में अनुशासन सुनिश्चित करने, बिना टिकट यात्रा तथा अवैध वेंडिंग पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से चलाया गया था। इसका लक्ष्य यात्रियों को निष्पक्ष, सुरक्षित और सुव्यवस्थित यात्रा वातावरण प्रदान करना है। जांच दल ने झालावाड़ सिटी रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म क्षेत्र की भी सघन जांच की। इसका उद्देश्य स्टेशन परिसर में अव्यवस्था और अनधिकृत गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना था। इस अभियान में मुख्य टिकट निरीक्षक लक्ष्मीकांत मीना, उप मुख्य टिकट निरीक्षक दीपक शर्मा, वाणिज्य लिपिक-सह-टिकट संग्राहक विष्णु कुमारी, ऋषभ कुमार और उमेश कुमार शामिल रहे। इनके साथ हेड कॉन्स्टेबल मुकेश कुमार मीना और कॉन्स्टेबल गोपी सहाय मीना भी दल का हिस्सा थे। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ जैन ने यात्रियों से वैध टिकट लेकर यात्रा करने और रेलवे नियमों का पालन करने की अपील की है। उन्होंने बताया कि यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा और अनुशासन बनाए रखने के लिए कोटा मंडल में ऐसे सघन टिकट जांच अभियान आगे भी जारी रहेंगे।


