निम्बाहेड़ा आबकारी विभाग ने अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच गांवों में छापेमारी की। राजस्थान आबकारी आयुक्त उदयपुर के विशेष अभियान के तहत की गई इस कार्रवाई में 500 लीटर वॉश और तीन पुरानी भट्टियां मौके पर नष्ट की गईं। कार्रवाई बुधवार को मरजीवी, घटेरा, कदमाली, रिछमाला और डला किशनपुरा गांवों में की गई। टीम ने घटेरा निवासी शंकरसिंह रावत के कब्जे से 5 बोतल अवैध हथकड़ शराब बरामद की। इसी तरह डला किशनपुरा निवासी हीरालाल भील के यहां से 5 बोतल अवैध हथकड़ शराब के साथ शराब निर्माण में प्रयुक्त भट्टी और अन्य उपकरण जब्त किए गए। यह अभियान अतिरिक्त आबकारी आयुक्त जोन उदयपुर और जिला आबकारी अधिकारी चितौड़गढ़ गजेन्द्र सिंह राजपुरोहित के निर्देशन में चलाया गया। कार्रवाई में आबकारी थाना प्रभारी हेमराज जाट के नेतृत्व में सिपाही सुभाषचन्द्र, छैलसिंह, गोपाल, अजयपालसिंह, अनिश मोहम्मद और हिम्मतसिंह की टीम शामिल थी।


