बिलासपुर जिले के कोटा थाना क्षेत्र में शराब की अवैध बिक्री और चोरी के अनसुलझे मामलों को लेकर नाराज एसएसपी ने टीआई तोप सिंह नवरंग को लाइन अटैच कर दिया है। उनकी जगह अब नरेश चौहान को कोटा थाने की जिम्मेदारी दी गई है। इससे पहले उन्होंने थाने का निरीक्षण के दौरान टीआई को जमकर फटकार लगाई थी। दरअसल, कोटा क्षेत्र के गनियारी सहित आसपास के इलाकों में अवैध शराब बेचने की लगातार शिकायतें मिल रही थी। जिसे एसएसपी रजनेश सिंह ने गंभीरता लिया। उन्होंने टीआई को अवैध गतिविधियों व अपराध पर अंकुश लगाने के निर्देश दिए थे। लेकिन, कार्य प्रणाली में कोई सुधार नहीं होने से नाराज एसएसपी रजनेश सिंह ने टीआई तोप सिंह नवरंग को लाइन अटैच कर दिया है। उनकी जगह निरीक्षक नरेश चौहान को कोटा टीआई बनाया गया है। निरीक्षण के दौरान टीआई को लगाई थी फटकार
बीते शनिवार को एसएसपी रजनेश सिंह ने कोटा थाने का निरीक्षण किया था। इस दौरान उन्होंने थाने के लंबित अपराधों की समीक्षा की, जिसमें पता चला कि क्षेत्र में हुई बड़ी चोरियों के कई मामले अनसुलझे हैं, जिसमें अब तक चोरों की पतासाजी नहीं की गई है। टीआई की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जाहिर करते हुए उन्हें कड़ी फटकार लगाई थी।


